UP पुलिस का एक्शन: सीतापुर में ‘अम्बानी’ और ‘पहाड़ी’ समेत 6 चोर गिरफ्तार, करोड़ों की अवैध शराब बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज हो गया है। आज पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, सीतापुर में शातिर चोरों के गैंग का पर्दाफाश हुआ है, वहीं सोनभद्र और कुशीनगर में भारी मात्रा में अवैध शराब पकड़ी गई है। साथ ही, कई जिलों में पुलिस की प्रभावी पैरवी के कारण जघन्य अपराधियों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है।
सीतापुर: ‘अम्बानी’ और ‘पहाड़ी’ के गैंग का अंत
सीतापुर की कोतवाली नगर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की कई घटनाओं का खुलासा किया है। गल्ला मंडी के पास एक अधबने मकान से पुलिस ने 6 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए अभियुक्तों में मुकेश उर्फ ‘अम्बानी’, आशीष उर्फ ‘पहाड़ी’, शिवम उर्फ ‘मामा’, वैभव उर्फ ‘आदर्श ठाकुर’, शादाब और शिवम शामिल हैं। इनके पास से 2 लाख 90 हजार रुपये नकद और एक अवैध तमंचा बरामद हुआ है। मुख्य आरोपी शादाब पर लूट और हत्या के प्रयास जैसे करीब 12 मुकदमे दर्ज हैं, वहीं ‘अम्बानी’ और ‘मामा’ पर भी आधा दर्जन से ज्यादा केस दर्ज हैं।
शराब माफिया पर प्रहार: 82 लाख की अंग्रेजी शराब जब्त
सोनभद्र (थाना पिपरी): पुलिस ने एक ट्रक को रोककर तलाशी ली, जिसमें 82 लाख रुपये कीमत की 1019 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब लदी थी। राजस्थान के जैसलमेर निवासी ड्राइवर श्रवण कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
कुशीनगर (थाना खड्डा): यहां पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 290 पेटी देशी शराब और 150 पेटी बीयर बरामद की। आरोपी प्रदीप को मौके से गिरफ्तार किया गया।
कोर्ट में पुलिस की जीत: 5 अपराधियों को उम्रकैद
उत्तर प्रदेश पुलिस की प्रभावी पैरवी के चलते आज माननीय न्यायालयों ने कई अपराधियों को उनके अंजाम तक पहुंचाया।
कुशीनगर (थाना तुर्कपट्टी): हत्या और दुष्कर्म के आरोपी छोटेलाल को कोर्ट ने कठोर आजीवन कारावास और 5 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
सोनभद्र (थाना ओबरा): पॉक्सो एक्ट के तहत दोषी जलील मोहम्मद को उम्रकैद और 1 लाख रुपये अर्थदण्ड दिया गया।
गोरखपुर (थाना सहजनवां): हत्या के मामले में सर्वजीत और नन्दन कुमार को आजीवन कारावास और 50-50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई।
Also Read: बदायूं में घूसखोर लेखपाल गिरफ्तार, एंटी-करप्शन टीम ने रंगे हाथों दबोचा

