CM योगी ने बढ़ाया पुलिस वर्दी भत्ता, पेट्रोल और सिम के लिए भी अब मिलेंगे ज्यादा पैसे
UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस विभाग के लिए तीन बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) के अधिकारियों का वार्षिक वर्दी भत्ता 6,400 रुपये से बढ़ाकर 15,000 रुपये करने का ऐलान किया। इसके साथ ही इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर का मोटरसाइकिल भत्ता 700 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दिया गया है। पुलिसकर्मियों को सिम कार्ड के लिए मिलने वाली राशि भी 2,000 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने लखनऊ पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ड्यूटी करते हुए शहीद हुए छह पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने शहीदों की बहादुरी और बलिदान को नमन किया।
PPS अधिकारियों का वर्दी भत्ता 15 हजार रुपये हुआ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिसकर्मियों को मिलने वाले भत्तों में बढ़ोतरी की घोषणा की। इसके तहत PPS अधिकारियों को अब वर्दी के लिए सालाना 15,000 रुपये मिलेंगे। पहले यह राशि 6,400 रुपये थी।
इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर को मोटरसाइकिल भत्ते के रूप में अब हर महीने 1,000 रुपये मिलेंगे। पहले उन्हें 700 रुपये दिए जाते थे। वहीं, पुलिसकर्मियों को सिम कार्ड के लिए मिलने वाला भत्ता 2,000 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दिया गया है।
पहले भी बढ़ाए गए थे पुलिसकर्मियों के भत्ते
योगी सरकार इससे पहले भी पुलिसकर्मियों के भत्तों में बढ़ोतरी कर चुकी है। अक्टूबर 2024 में पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री ने सिपाहियों का वार्षिक वर्दी भत्ता 3,000 रुपये से बढ़ाकर 6,400 रुपये किया था।
अक्टूबर 2022 में साइकिल भत्ता खत्म कर मोटरसाइकिल भत्ता शुरू किया गया था। उस समय पुलिसकर्मियों को मिलने वाला 200 रुपये का मासिक साइकिल भत्ता बढ़ाकर 700 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया था।
इससे पहले अक्टूबर 2021 में मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों के CUG और मोबाइल/सिम के इस्तेमाल के लिए मिलने वाले भत्ते को बढ़ाकर 2,000 रुपये किया था।
दो अलग-अलग घटनाओं में शहीद हुए थे 6 पुलिसकर्मी
पुलिस स्मृति दिवस पर लखनऊ पुलिस लाइन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छह शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों को सम्मानित किया। ये पुलिसकर्मी दो अलग-अलग घटनाओं में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए थे। पहली घटना ग्रेटर नोएडा में हुए अग्निकांड की है। इस घटना में दो पुलिसकर्मियों ने अपनी जान गंवा दी थी।
दूसरी घटना जालौन में एक कारोबारी के अपहरण से जुड़ी है। कारोबारी को बदमाशों के चंगुल से छुड़ाने जा रहे चार पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री ने इन सभी शहीदों के परिजनों को सम्मानित कर उनके बलिदान को नमन किया।

