Saharanpur News: यूपी पुलिस ने कांवड़ यात्रा में डंडा, त्रिशूल और हॉकी स्टिक पर लगाया बैन

Saharanpur News: कांवड़ यात्रा के दौरान होने वाली मारपीट और दुर्घटनाओं को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस अब सख्ती बरतने को तैयार है। सहारनपुर रेंज के डीआईजी अभिषेक सिंह ने अधिकारियों को कांवड़ यात्रा से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन करवाने का निर्देश दिया है। डाक कांवड़ (तेज गति से चलने वाली कांवड़) के लिए भी विशेष और सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

बिना साइलेंसर वाली बाइक प्रतिबंधित

सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर जिलों में कांवड़ यात्रा में कांवड़ियों द्वारा लाठी-डंडे, त्रिशूल और हॉकी स्टिक लेकर चलने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके अलावा, जिन बाइकों में साइलेंसर नहीं होते या जो बहुत तेज आवाज करती हैं, उन पर भी पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। डीआईजी अभिषेक सिंह ने रेंज के सभी अधिकारियों को इन निर्देशों का कांवड़ यात्रियों से सख्ती से पालन करवाने के लिए कहा है।

डीआईजी ने कांवड़ संघों से की बात

डीआईजी अभिषेक सिंह ने सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर के अधिकारियों के साथ-साथ कांवड़ यात्रा संघ से जुड़े लोगों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी से अपील की कि डाक कांवड़ और पैदल चलने वाले कांवड़ियों के लिए बनाए गए सभी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।

अभिषेक सिंह ने विशेष रूप से कहा कि कोई भी कांवड़ यात्री यात्रा में हॉकी स्टिक, त्रिशूल, लाठी-डंडे लेकर न चले। उन्होंने चेतावनी दी कि कुछ डाक कांवड़ यात्री बिना साइलेंसर की बाइक से जाते हैं, जिससे दुर्घटनाएं हो जाती हैं। ऐसे लोगों से ऐसी बाइकों का बिल्कुल प्रयोग न करने की अपील की गई है, अन्यथा उन बाइकों को जब्त भी किया जा सकता है। बड़े वाहनों से कांवड़ लाने वाले लोगों को भी उनके साइज और डीजे की लंबाई-चौड़ाई का ध्यान रखने के लिए कहा गया है।

Also Read: Lucknow News: ओल्ड मेडिसिन मार्केट में CBN की बड़ी कार्रवाई, 20 लाख नशीली गोलियां और हजारों सिरप जब्त

Get real time updates directly on you device, subscribe now.