UP पुलिस का डबल एनकाउंटर, वाराणसी में 1 लाख का इनामी शूटर फौजी गिरफ्तार, सोनभद्र में गैंगरेप के दरिंदों को भी लगी गोली
Varanasi News: वाराणसी के सारनाथ इलाके में पिछले साल 21 अगस्त को कालोनाइजर महेंद्र गौतम की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल मुख्य शूटर अरविंद यादव उर्फ फौजी को पुलिस ने सराय मोहाना इलाके में हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि फौजी किसी नई वारदात की फिराक में है। जब सारनाथ पुलिस और SOG टीम ने उसे रोका, तो वह दोनों हाथों में असलहा लेकर फायरिंग करने लगा। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में फौजी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। उसके पास से दो अवैध हथियार और कारतूस मिले हैं। गाजीपुर का रहने वाला यह बदमाश करीब एक दर्जन केसों में नामजद है।

दलित किशोरी से गैंगरेप के तीनों आरोपी गिरफ्तार
सोनभद्र के ओबरा इलाके में 30 दिसंबर को एक दलित किशोरी के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने सबको झकझोर दिया था। शनिवार रात पुलिस ने बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा।
पुलिस ने मौके से पप्पू उर्फ बिन्दू यादव और अर्जुन डोम को गिरफ्तार किया। वहीं तीसरा आरोपी करन डोम पुलिस पर फायरिंग कर भागने लगा। जवाबी फायरिंग में करन के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। ओबरा पुलिस की दो टीमों ने मिलकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और तीनों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: हथकड़ी में न्यूयॉर्क पहुंचे निकोलस मादुरो, हैप्पी न्यू ईयर बोलते दिखे वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति

