SantKabir Nagar News: रेप का आरोप लगा दूल्हा बने सिपाही की शादी रुकवाने बारात में पहुंची महिला कांस्टेबल, विवाह के बाद केस दर्ज
SantKabir Nagar News: संतकबीरनगर जिले में तैनात एक सिपाही की शादी फिल्मी ड्रामे में बदल गई। गाजीपुर में आयोजित एक शादी समारोह में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दूल्हे के साथ पहले तैनात रही एक महिला सिपाही ने वहां पहुंचकर पुलिस की मौजूदगी में हंगामा शुरू कर दिया। महिला सिपाही का आरोप है कि दूल्हा बने कांस्टेबल ने शादी का झांसा देकर तीन साल तक उसका शारीरिक शोषण किया और अब छिपकर दूसरी शादी कर रहा है।
पीड़ित महिला सिपाही (2021 बैच) चंदौली की रहने वाली है। उसके अनुसार, साल 2022 में जब वह संतकबीरनगर के बखिरा थाने में तैनात थी, तब उसकी मुलाकात 2018 बैच के सिपाही आशु यादव से हुई। आशु ने उससे शादी का वादा किया और दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। महिला का आरोप है कि आशु ने उसे भरोसे में लेकर मंदिर में शादी भी की थी, जिसकी तस्वीरें उसके पास मौजूद थीं।
बारात में हाई-वोल्टेज ड्रामा
महिला सिपाही को 24 नवंबर को खबर मिली कि आशु गाजीपुर में किसी और से शादी कर रहा है। वह तुरंत पुलिस टीम के साथ वहां पहुंची और मेहमानों को अपनी और आशु की पुरानी तस्वीरें दिखाने लगी। उसका आरोप है कि बारातियों ने उसके साथ धक्का-मुक्की की और मोबाइल छीन लिया। महिला का दावा है कि शोर-शराबे के बीच बारातियों ने सिर्फ 2 मिनट में आशु के सात फेरे करवा दिए और उसे वहां से भगा दिया।
शादी के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
इस घटना के करीब एक महीने बाद, अब महिला सिपाही ने हिम्मत जुटाकर कानूनी लड़ाई शुरू की है। शनिवार शाम कोतवाली खलीलाबाद में आरोपी सिपाही आशु यादव के खिलाफ रेप (दुष्कर्म) और एससीएसटी (SC/ST) एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी सिपाही ने जातिगत भेदभाव को दरकिनार कर शादी का वादा किया था। कुछ समय पहले जब उसने आशु के पिता को इस रिश्ते के बारे में बताया, तो आशु ने विवाद शुरू कर दिया और घर में किसी की मौत का बहाना बनाकर दूरी बना ली। कोतवाल पंकज कुमार पांडेय के अनुसार, मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी सिपाही, जो वर्तमान में मेंहदावल थाने पर तैनात है, उसके खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।
Also Read: पुलिस मंथन में बोले सीएम योगी- सुरक्षा की भावना ने ही यूपी में खींचा निवेश और विकास का पहिया

