Gonda News: हादसे की जांच में खेल करने वाले 13 पुलिसकर्मी सस्पेंड, आईजी ने इंस्पेक्टर और 12 दरोगाओं को किया निलंबित
Gonda News: सड़क हादसों की जांच (विवेचना) में भ्रष्टाचार और लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ आईजी देवीपाटन रेंज, अमित पाठक ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने एक इंस्पेक्टर और 12 दरोगाओं (सब-इंस्पेक्टर) को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई गोंडा, बहराइच और श्रावस्ती जिलों में तैनात उन पुलिसकर्मियों पर हुई है, जिन्होंने जांच के नाम पर ‘बीमा के खेल’ को बढ़ावा दिया।
आईजी अमित पाठक को शिकायतें मिली थीं कि सड़क दुर्घटनाओं की जांच में विवेचक जानबूझकर गड़बड़ी कर रहे हैं। जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए।
वाहनों की अदला-बदली: कुछ मामलों में बीमा कंपनियों को फायदा पहुँचाने या क्लेम दिलाने के लालच में दुर्घटना में शामिल असली वाहनों को ही कागजों पर बदल दिया गया।
जानबूझकर अनियमितता: केस को इस तरह घुमाया गया जिससे किसी को आर्थिक लाभ हो और किसी को भारी नुकसान।
SIT की रिपोर्ट ने खोली पोल
इन शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच टीम (SIT) बनाई गई थी। एसआईटी की जांच रिपोर्ट में इन 13 पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध और गलत पाई गई। रिपोर्ट मिलते ही आईजी ने एक्शन लिया और बहराइच के 9, गोंडा के 2 और श्रावस्ती के 2 विवेचकों को निलंबित कर दिया।
भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं, आईजी की दो टूक
कार्रवाई के बाद आईजी अमित पाठक ने स्पष्ट संदेश दिया कि पुलिस विभाग में ईमानदारी और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, विवेचना में लापरवाही या भ्रष्टाचार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं है। यह सिर्फ सस्पेंशन नहीं है, बल्कि दोषियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
Also Read: इलाहाबाद हाई कोर्ट से इरफान सोलंकी को बड़ा झटका, खारिज हुई याचिका

