UP पुलिस का डबल एक्शन! आगरा मुठभेड़ के बाद बदमाश दबोचा, बरेली में 10 लाख की स्मैक के साथ 4 गिरफ्तार

UP Police Action: उत्तर प्रदेश में शनिवार को पुलिस ने दो अलग-अलग जिलों में कार्रवाई करते हुए अपराधियों पर शिकंजा कसा। आगरा में चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया। वहीं बरेली में पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये कीमत की स्मैक के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया।

आगरा में चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग

कमिश्नरेट आगरा के फतेहाबाद थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम हुसैनपुरा तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

 

जवाबी कार्रवाई में इटावा निवासी वीकेश गोली लगने से घायल हो गया। उसका साथी सोनू उर्फ लुक्का उर्फ सनी, निवासी बमरई, आगरा, मौके से भाग निकला था, लेकिन पुलिस की कॉम्बिंग के दौरान उसे पकड़ लिया गया। घायल वीकेश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, 315 बोर के दो तमंचे और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी 20 जुलाई को फतेहाबाद में हुई छिनैती (Snatching) की वारदात में शामिल थे। वीकेश पर पहले से 8 और सोनू पर 7 मुकदमे दर्ज हैं।

बरेली में 10 लाख की स्मैक के साथ चार गिरफ्तार

उधर, बरेली के शाही थाना पुलिस ने गणेशपुर-रास रोड पर चेकिंग के दौरान कार और बाइक सवार चार लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान मीरगंज निवासी किशन, फारून और तेजपाल तथा हरियाणा के मूल निवासी छविराम के रूप में हुई।

पुलिस ने इनके पास से 102.15 ग्राम स्मैक, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है, बरामद की। इसके अलावा 82,500 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, एक कार और एक बाइक भी पुलिस के हाथ लगी।

पुलिस ने चारों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Also Read: खीरी में 4 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, 65 साल का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.