UP Police SI Recruitment: महिला अभ्यर्थी पिता पक्ष का ही जाति प्रमाणपत्र करें अपलोड, बोर्ड ने दूर किए कई भ्रम
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (SI) और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए अभ्यर्थियों द्वारा पूछे गए कई प्रश्नों का यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने निराकरण कर दिया है। बोर्ड ने खासकर महिला अभ्यर्थियों के लिए जाति प्रमाणपत्र को लेकर महत्वपूर्ण स्पष्टीकरण दिया है।
बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक के मुताबिक, महिला अभ्यर्थियों की जाति का निर्धारण उसके पिता पक्ष से होता है, इसलिए उन्हें पिता पक्ष से जारी जाति प्रमाणपत्र ही मुहैया कराना होगा। बोर्ड ने सूचित किया है कि आरक्षण का लाभ पाने के लिए महिला अभ्यर्थी पिता पक्ष का ही प्रमाणपत्र अपलोड करें।
इसके अलावा, हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के प्रमाणपत्रों को लेकर भी बोर्ड ने स्थिति साफ की है। यदि अंक तालिका और प्रमाणपत्र अलग-अलग हैं, तो दोनों को अपलोड करना होगा। अगर दोनों एक ही दस्तावेज में हैं, तो उसे दोनों जगहों पर अपलोड किया जाएगा। वहीं, स्नातक उपाधि को लेकर बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इसे अपलोड करना अनिवार्य है। यदि डिग्री उपलब्ध नहीं है, तो प्रोविजनल डिग्री अपलोड की जा सकती है, लेकिन अभिलेखों की जांच के समय मूल डिग्री प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
भर्ती की महत्वपूर्ण जानकारी और जरूरी दस्तावेज
यूपी पुलिस विभाग ने सब-इंस्पेक्टर (SI) के 4543 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। आवेदन की प्रक्रिया 12 अगस्त 2025 से शुरू हो चुकी है और अंतिम तिथि 11 सितंबर 2025 निर्धारित है। बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे फॉर्म अस्वीकार होने से बचने के लिए सभी आवश्यक दस्तावेजों को समय रहते तैयार कर लें।
जरूरी दस्तावेजों की पूरी लिस्ट:
- आधार कार्ड
- 10वीं और 12वीं की मार्कशीट
- ग्रेजुएशन की सभी मार्कशीट्स
- हाल ही में खींची गई लाइव फोटो
- स्कैन किए गए हस्ताक्षर
- जाति प्रमाण पत्र (SC/ST/OBC/EWS के लिए)
- मूल निवास प्रमाण पत्र (केवल यूपी निवासियों के लिए)
- एक्स-सर्विसमैन सर्टिफिकेट (यदि लागू हो)
Also Read: Lucknow News: ‘एक हाथ तिरंगा, एक हाथ रक्तदान’ की पहल, KGMU में 75 लोगों ने किया रक्तदान

