UP दरोगा भर्ती परीक्षा: पेपर लीक के नाम पर ठगी करने वाला टेलीग्राम किंग गिरफ्तार, STF ने आगरा से दबोचा
Lucknow News: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित की जा रही उपनिरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा-2025 को लेकर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले एक शातिर ठग को यूपी एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। आगरा के न्यू आगरा थाना क्षेत्र से पकड़े गए इस आरोपी ने टेलीग्राम पर फर्जी चैनल बनाकर पेपर उपलब्ध कराने के नाम पर लाखों की ठगी की थी। गिरफ्तार अभियुक्त आयुष बघेल ने पूछताछ में ठगी के बेहद शातिर तरीके का खुलासा किया।
आरोपी ‘UP SI UP POLICE-2026’ और ‘RESULT PANEL PVT TM’ जैसे नामों से चैनल चला रहा था। वह किसी भी पुरानी परीक्षा के पेपर के पहले पेज को ‘पीडीएफ एडिटर’ से एडिट करता था। प्रश्न और विकल्प हटाकर उसे इस तरह तैयार करता था कि छात्रों को लगे कि यह असली पेपर है। विश्वास जीतने के बाद वह छात्रों से यूपीआई (UPI) के जरिए पैसे मँगवाता था। पकड़े जाने के डर से वह सीधे अपने खाते में पैसे नहीं लेता था। वह दूसरों के खातों का इस्तेमाल करता और अपना हिस्सा अमेज़न ऐप के 2000 रुपये वाले कूपन कोड के रूप में लेता था।
STF की पैनी नजर और गिरफ्तारी
भर्ती बोर्ड की सोशल मीडिया सेल और एसटीएफ मुख्यालय लखनऊ निरंतर इंटरनेट प्लेटफॉर्म्स की निगरानी कर रहे थे। जब टेलीग्राम पर पेपर लीक से संबंधित मैसेज वायरल हुए, तो लखनऊ के हुसैनगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। डिप्टी एसपी सुधांशु शेखर के नेतृत्व में टीम ने अभिसूचना संकलन किया और आगरा के इंजीनियर्स कॉलोनी में दबिश देकर आयुष बघेल को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के पास से ठगी में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद हुआ है। उसके खिलाफ लखनऊ के हुसैनगंज थाने में उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश 2024 और आईटी एक्ट जैसी गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: गर्मियों में आग लगने की न हों घटनाएं, CM योगी के निर्देश पर अफसरों ने कसी कमर

