Lucknow News: होली पर हुड़दंगियों की खैर नहीं, सड़कों पर नाच-गाने पर पाबंदी, सुरक्षित होली की गाइडलाइन जारी
Lucknow News: होली का उमंग भरा त्योहार आने वाला है, लेकिन इस बार पुलिस प्रशासन ने शरारती तत्वों और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान न तो सड़कें जाम होने दी जाएंगी और न ही किसी राहगीर के साथ अभद्रता बर्दाश्त की जाएगी।
होली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए सिटी जोन को सेक्टरों में बांटा गया है। मुख्य निर्देश कुछ इस प्रकार हैं।
सड़क पर नाच-गाना बंद: अब सड़क रोककर म्यूजिक सिस्टम लगाकर डांस करने की अनुमति नहीं होगी। यातायात सुचारू रखना पुलिस की पहली प्राथमिकता है।
बैरियर और चेकिंग: शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों (Drink and Drive) को रोकने के लिए जगह-जगह पुलिस बैरियर लगाए जाएंगे।
ट्रिपल राइडिंग पर सख्ती: दोपहिया वाहनों पर तीन या चार लड़कों के सवार होने पर गाड़ी तुरंत सीज कर दी जाएगी।
पुलिस आयुक्त ने सभी थाना प्रभारियों को पिछले पांच साल का रिकॉर्ड खंगालने को कहा है। जिन इलाकों में पहले होली पर झगड़े हुए हैं, वहां एलआईयू (LIU) को सक्रिय कर दिया गया है। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है ताकि कोई पुरानी रंजिश दोबारा खूनी संघर्ष में न बदले।
आम जनता के लिए पुलिस की सलाह
त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए पुलिस ने लोगों से इन बातों का पालन करने की अपील की है।
शालीनता बरतें: सड़क से गुजर रहे लोगों या वाहनों पर छतों से पानी के गुब्बारे न फेंकें, इससे गंभीर सड़क हादसे हो सकते हैं।
जबरदस्ती न करें: होली आपसी प्रेम का त्योहार है, इसलिए बिना मर्जी किसी को रंग न लगाएं।
ट्रैफिक नियम: हेलमेट जरूर पहनें और वाहन पर दो से ज्यादा व्यक्ति न बैठें।
पुलिस का सम्मान: ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से न उलझें। अगर उन्हें होली की बधाई देनी है, तो केवल गुलाल का टीका लगाएं, उन पर जबरन रंग या कीचड़ न डालें।
सुरक्षित रंग: केवल हर्बल रंगों का ही प्रयोग करें ताकि त्वचा और आंखों को नुकसान न हो।
Also Read: Lucknow News: कांशीराम जयंती पर सपा का पीडीए दिवस बना सियासी रणभूमि, मायावती बोलीं- यह नाटकबाजी है

