यूपी पुलिस में जल्द होगी 4543 दरोगा पदों पर भर्तियां, युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। राज्य पुलिस विभाग में उप निरीक्षक (SI) के 4543 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है।

यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड इस भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर शुरू करने जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, प्रदेश में करीब 24,000 पदों पर नई भर्तियां होनी हैं, जिनमें दरोगा के अलावा सिपाही और जेल वार्डर के पद भी शामिल हैं।

भर्ती बोर्ड को DGP मुख्यालय से 19220 सिपाही और 4543 दरोगा के पदों के लिए सीधी भर्ती का प्रस्ताव पहले ही मिल चुका है। हालांकि पहले योजना थी कि इसकी विज्ञप्ति अप्रैल के तीसरे सप्ताह तक जारी कर दी जाएगी, लेकिन तकनीकी कारणों से इसमें देरी हो रही थी।

अब शासन की मंजूरी के बाद, दरोगा भर्ती में आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट दे दी गई है, जिससे भर्ती की राह पूरी तरह साफ हो चुकी है। इसलिए संभावना है कि अगले महीने दरोगा भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा।

सिपाही और जेल वार्डर भर्ती में देरी

वहीं दूसरी ओर, सिपाही भर्ती को लेकर अभी भी कुछ अहम बिंदुओं पर शासन की सहमति बाकी है, जिसके कारण उसमें और देर हो सकती है। इसी तरह, जेल विभाग की ओर से 2833 जेल वार्डर के पदों के लिए भी प्रस्ताव भेजा जा चुका है, लेकिन उसकी प्रक्रिया भी अब तक शुरू नहीं हो सकी है। यह पद खासकर नई जेलों में तैनाती के लिए जरूरी माने जा रहे हैं।

इन पदों पर होगी दरोगा भर्ती

  • 4242 पद – उप निरीक्षक, नागरिक पुलिस
  • 106 पद – उप निरीक्षक, पीएसी (महिला वाहिनी)
  • 135 पद – उप निरीक्षक, सशस्त्र पुलिस
  • 60 पद – उप निरीक्षक, विशेष सुरक्षा बल (SPF)

यदि आप प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं तो ये मौका आपके लिए महत्वपूर्ण हो सकता है। जल्द जारी होने वाली अधिसूचना पर नजर रखें और तैयारी में कोई कमी न रखें।

Also Read: यूपी में जल्द निकलेगी 50 हजार से अधिक शिक्षकों की भर्ती, जल्द जारी होने वाला है…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.