UP Politics: अखिलेश यादव पर बरसीं पूजा पाल, बोलीं- आपकी पत्नी ने भी दिया बीजेपी को वोट

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी से निकाली गईं चायल विधायक पूजा पाल ने सपा मुखिया अखिलेश यादव को एक खुली चिट्ठी लिखकर सनसनी मचा दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करने के बाद पार्टी से निष्कासित की गई पूजा पाल ने अखिलेश से कई तीखे सवाल पूछे हैं, जिनमें उनकी पत्नी के भी बीजेपी को वोट देने का आरोप शामिल है।

https://twitter.com/poojaplofficial/status/1958824835133350190

चिट्ठी में क्या लिखा है?

पूजा पाल ने अपनी चिट्ठी में कहा कि उन्हें बिना सपा के सहयोग के दो बार विधायक बनने के लिए संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति की हत्या के बाद भी उन्हें न्याय नहीं मिला। पूजा ने लिखा कि उन्हें लगा था कि अखिलेश यादव की पार्टी में न्याय मिलेगा, लेकिन उन्हें बाद में महसूस हुआ कि यहाँ पिछड़े, अति पिछड़े और दलित दूसरे दर्जे के नागरिक हैं और पहली प्राथमिकता सिर्फ मुस्लिम ही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उनके पति के हत्यारों को सजा मिली, तो समाजवादी पार्टी के नेताओं ने उनका विरोध किया, जिससे उनका भरोसा पार्टी से उठ गया।

‘आपकी पत्नी ने भी बीजेपी को वोट दिया’

पूजा पाल ने अखिलेश यादव के निष्कासन पर सवाल उठाते हुए कहा आपने मुझे बीजेपी को वोट देने की वजह से पार्टी से निकाला। लेकिन हमारे निष्कासन के बाद आपने खुद दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशनल क्लब के चुनाव में बीजेपी के प्रत्याशी को वोट दिया। जब आपकी पत्नी बीजेपी को वोट देती हैं तो वह गुनाह नहीं होता, लेकिन एक विधवा पिछड़ी जाति की बेटी के लिए यह गुनाह हो जाता है। उन्होंने अखिलेश पर ‘सैफई प्राइवेट लिमिटेड’ को बढ़ाने के लिए दूसरे दलों को वोट देने का भी आरोप लगाया।

पूजा पाल ने अपने पति की हत्या को याद करते हुए कहा कि उनके पति की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी गई क्योंकि उन्होंने चुनाव जीत लिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सरकार ने उनके पति का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए भी नहीं दिया। पूजा ने कहा कि अखिलेश यादव अतीक अहमद जैसे “पापी” के आगे झुक गए होंगे, लेकिन वह किसी माफिया के सामने न तो झुकी हैं और न कभी डरेंगी। उन्होंने अंत में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा अगर मेरी हत्या होती है तो इसका वास्तविक दोषी समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव को माना जाए।

Also Read: लखनऊ नगर निगम को मिला नया उपाध्यक्ष, BJP पार्षद चरणजीत गांधी को मिली जिम्मेदारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.