UP Politics: बेसिक शिक्षा मंत्री का अखिलेश यादव पर हमला, बोले- सपा राज में 3.45 करोड़ बच्चे स्कूल से थे दूर
प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने 2015 के अखबार की कटिंग दिखाकर अखिलेश पर किया पलटवार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से पहले समाजवादी पार्टी के शासनकाल में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से बेहाल थी, जबकि भाजपा सरकार ने पारदर्शिता और सही नीतियों के साथ इसमें बड़ा बदलाव किया है।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में संदीप सिंह ने 2015 की एक अखबार की कटिंग दिखाते हुए कहा कि सपा सरकार में 3.45 करोड़ बच्चे स्कूल से दूर थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब से भाजपा आई, तभी पढ़ाई में जान आई!
सपा काल में शिक्षा का हुआ था अवसान
संदीप सिंह ने कहा कि 2012 से 2017 के बीच अखिलेश यादव की सरकार में एक भी ऐसा मॉडल स्कूल नहीं बना, जिस पर राज्य गर्व कर सके। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने सिर्फ शिक्षा ही नहीं, बल्कि संस्कृति का भी अपमान किया। वहीं, 2017 के बाद भाजपा सरकार ने ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के तहत ₹11,500 करोड़ से अधिक खर्च कर परिषदीय विद्यालयों में 19 बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराईं। इनमें पेयजल, शौचालय, ब्लैकबोर्ड, फर्नीचर और बिजली जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि सपा सरकार के दौरान जहाँ बच्चों की संख्या घट रही थी, वहीं भाजपा सरकार ने इस साल के ‘स्कूल चलो अभियान’ में 27 लाख से ज़्यादा बच्चों का नामांकन करवाया।
मॉडल और आवासीय विद्यालयों का निर्माण
मंत्री ने बताया कि हर जिले में ₹30 करोड़ की लागत से दो मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा, सभी 18 मंडलों में अटल आवासीय विद्यालय शुरू हो चुके हैं, जहाँ 18,000 से अधिक श्रमिक और अनाथ बच्चों को मुफ्त शिक्षा, भोजन और खेलकूद की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश के 1,722 स्कूलों को पीएमश्री योजना के तहत स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब और डिजिटल लाइब्रेरी से लैस किया जा रहा है।
योगी सरकार के प्रयासों को मिली राष्ट्रीय मान्यता
संदीप सिंह ने दावा किया कि योगी सरकार के प्रयासों से शिक्षा के स्तर में जो सुधार हुआ है, उसे असर 2024 और ‘परख’ राष्ट्रीय सर्वेक्षण 2024 जैसी रिपोर्ट्स ने भी माना है। रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश के तीसरी कक्षा के छात्रों का प्रदर्शन राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। उन्होंने कहा कि सपा राज में जहाँ तुष्टिकरण, तानाशाही और नकल माफिया का राज था, वहीं भाजपा सरकार में संतुष्टीकरण, निवेश और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा है।
Also Read: Lucknow News: लखनऊ में फर्जी ‘DCP Law & Order’ लिखी कार में दिखे स्कूली बच्चे

