महोबा में हाई-वोल्टेज ड्रामा: BJP विधायक ने रोका मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला, सुरक्षाकर्मियों में हाथापाई
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की सियासत से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। महोबा में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को उस वक्त विरोध का सामना करना पड़ा, जब बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत ने उनका काफिला रोक दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मंत्री और विधायक के समर्थकों और सुरक्षाकर्मियों के बीच जमकर झड़प हुई।
क्यों नाराज थे विधायक जी?
जानकारी के मुताबिक, चरखारी सीट से विधायक बृजभूषण राजपूत अपने क्षेत्र में ‘जल जीवन मिशन’ के काम को लेकर बेहद गुस्से में थे। उनका आरोप है कि उनके क्षेत्र के गांवों में पानी नहीं पहुंच रहा है और अधिकारी शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने मंत्री के काफिले के आगे अपनी गाड़ी अड़ा दी।
मामला इतना बिगड़ा कि खुद स्वतंत्र देव सिंह को गाड़ी से नीचे उतरकर रास्ता साफ करवाने के लिए आना पड़ा। इस दौरान विधायक और मंत्री के बीच तीखी नोकझोंक हुई। दोनों तरफ के सुरक्षाकर्मी आपस में भिड़ गए और उनके बीच हाथापाई हुई।
विधायक बृजभूषण मंत्री को उनके प्रस्तावित कार्यक्रम में जाने के बजाय जबरन अपने साथ कलेक्ट्रेट ले गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्ट्रेट के दरवाजे बंद कर दिए गए, जहां मंत्री और विधायक के बीच बंद कमरे में बातचीत की खबरें आ रही हैं।
सत्ता पक्ष के अंदरूनी कलह की चर्चा
सोशल मीडिया पर इस घटना के वीडियो वायरल होने के बाद विपक्षी दलों को भी सरकार पर निशाना साधने का मौका मिल गया है। महोबा कलेक्ट्रेट के अंदर फिलहाल तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। चर्चा यह भी है कि विधायक ने मंत्री को एक तरह से ‘बंधक’ बना लिया था, हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
Also Read: Barabanki News: फिशरीज लूटकांड का खुलासा, स्वाट और पुलिस टीम ने 8 बदमाशों को दबोचा

