UP Politics: बृजभूषण सिंह का बड़ा बयान, बोले- चंद्रशेखर रावण पर हो कार्रवाई नहीं तो…

Sandesh Wahak Digital Desk: पूर्व भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता बृजभूषण शरण सिंह ने आजाद समाज पार्टी के नेता चंद्रशेखर आजाद ‘रावण’ पर लगे आरोपों को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि चंद्रशेखर दोषी हैं, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए और अगर निर्दोष हैं, तो उन्हें चुपचाप अपने घर बैठना चाहिए।

नंदीनगर से अपनी बात रखते हुए बृजभूषण सिंह ने दो टूक कहा अगर चंद्रशेखर पर केस नहीं दर्ज हुआ, तो यह मामला शांत नहीं रहेगा। सरकार को इस पर कड़ा रुख अपनाना चाहिए, वरना जनता खुद जवाब देगी। हम लोकतंत्र में जी रहे हैं, जहां कानून से ऊपर कोई नहीं है।

कमजोर वर्ग की बेटी का मामला, चुप क्यों है विपक्ष?

बृजभूषण सिंह ने आगे कहा कि यह मामला किसी आम व्यक्ति का नहीं, कमजोर तबके की एक बेटी से जुड़ा हुआ है। ऐसे में विपक्ष को आगे आकर आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को भी कटघरे में खड़ा करते हुए कहा, जो लोग खुद को सामाजिक न्याय का ठेकेदार बताते हैं, वो आज चुप क्यों हैं?

चंद्रशेखर रावण पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “आप वो ही साहब हैं, जो मुझे मेरे गांव से घसीटने की बात कर रहे थे। अब अगर आप निर्दोष हैं, तो सामने आइए और कानून का सामना कीजिए। नहीं तो, जो आपने कहा वो झूठ साबित होगा।”

विदेश नीति और जातीय जनगणना पर भी रखी राय

बृजभूषण सिंह ने देश की विदेश नीति पर बात करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार की नीति बेहद सफल रही है। उन्होंने पुरानी सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा विदेश नीति तब फेल हुई थी, जब मुंबई में आतंकी हमला हुआ या जब 92,000 पाकिस्तानी सैनिकों को महीनों खिलाकर छोड़ दिया गया था।

जातीय जनगणना के मुद्दे पर उन्होंने इसे “आग से खेलने” जैसा करार देते हुए कहा कि इससे देश में नए विवाद जन्म ले सकते हैं। उनके अनुसार, कुछ लोग इस जनगणना को सामाजिक असंतुलन फैलाने के लिए हथियार बनाना चाहते हैं।

उन्होंने यह भी जोड़ा, “भारत की आज़ादी की असली गाथा को धीरे-धीरे भुला दिया गया। ऐसा दिखाया गया कि देश के कुछ ही हिस्सों ने संघर्ष किया, जबकि सच्चाई यह है कि हर जाति, हर धर्म और हर वर्ग ने इस आजादी की लड़ाई में अपनी अहम भूमिका निभाई है।”

Also Read: कानपुर में DM Vs CMO…सियासत तक पहुंची अफसरशाही की जंग, बीजेपी विधायकों में भी खुला मतभेद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.