UP Politics: मायावती ने यूपी पुलिस भर्ती पर उठाए सवाल, योगी सरकार पर लगाया ये गंभीर आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने हाल ही में प्रदेश में संपन्न हुई 60,244 पुलिस सिपाही पदों की भर्ती प्रक्रिया पर गहरी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि इसे जिस तरह से प्रचारित किया जा रहा है, वह वास्तविकता से परे और जनता को भ्रमित करने वाला है।
मायावती ने बुधवार 18 जून को सोशल मीडिया मंच एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लगातार दो पोस्ट करते हुए उत्तर प्रदेश की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को आड़े हाथों लिया।
1. यूपी में अभी हाल ही में हुई सिपाही भर्ती को लेकर ऐसा प्रचारित किया गया जैसे यह कोई नई बात हो, जबकि पुलिस में ऐसी भर्ती रूटीन कार्य है, ताकि बैकलाग की बुराई पुलिस विभाग में भी न आए। किन्तु इस भर्ती में सर्वसमाज को सही हक मिला या नहीं व उनकी ट्रेनिंग का क्या? यही आम चिन्ता।
— Mayawati (@Mayawati) June 18, 2025
“भर्ती कोई क्रांतिकारी कदम नहीं, यह नियमित प्रक्रिया है”
अपने पहले पोस्ट में मायावती ने कहा उत्तर प्रदेश में हाल ही में हुई सिपाही भर्ती को लेकर ऐसा प्रचार किया गया जैसे यह कोई बहुत बड़ी उपलब्धि हो, जबकि हकीकत यह है कि पुलिस बल में भर्ती एक सामान्य और नियमित प्रक्रिया है, ताकि विभाग में स्टाफ की कमी न रहे और बैकलॉग की स्थिति उत्पन्न न हो। मगर सवाल यह है कि क्या इस प्रक्रिया में सभी वर्गों को न्याय मिला? और चयनित अभ्यर्थियों की ट्रेनिंग को लेकर क्या ठोस प्रबंध किए गए हैं? यही बातें जनता को चिंतित कर रही हैं।
2. जबकि बीएसपी की मेरी सरकार में यूपी में ’कानून द्वारा कानून का राज’ का न्याय-युक्त माहौल स्थापित करने के लिए एकमुश्त 1.20 लाख नए पद सृजित करके पुलिस भर्ती को ईमानदार बनाया गया, जिस शान्ति व्यवस्था का लाभ बिना भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के लोगों को मिला, जिसकी अब काफी कमी।
— Mayawati (@Mayawati) June 18, 2025
अपने दूसरे पोस्ट में मायावती ने अपनी सरकार के कार्यकाल को याद करते हुए कहा बहुजन समाज पार्टी की मेरी सरकार के समय उत्तर प्रदेश में ‘कानून द्वारा कानून का राज’ स्थापित करने के उद्देश्य से एकमुश्त 1.20 लाख नए पदों का सृजन कर पुलिस बल को सशक्त और पारदर्शी तरीके से भर्ती की गई थी। इसका प्रत्यक्ष लाभ समाज के हर वर्ग को मिला, क्योंकि शांति व्यवस्था में किसी के साथ भेदभाव नहीं किया गया। आज वही पारदर्शिता और निष्पक्षता की सबसे अधिक कमी महसूस की जा रही है।
मायावती की टिप्पणी: सरकार पर सीधा प्रहार
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मायावती का यह बयान न केवल वर्तमान पुलिस भर्ती प्रक्रिया पर, बल्कि राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी सीधा प्रहार है। वह यह स्पष्ट संकेत दे रही हैं कि भाजपा सरकार की कार्यशैली जनहित से अधिक प्रचार और दिखावे पर केंद्रित है।
Also Read: आगरा में दर्दनाक सड़क हादसा, आम से लदी मैक्स पलटी, चार की मौके पर मौत, एक गंभीर

