UP Politics: उदित राज पर मायावती का पलटवार, बोलीं- ऐसे लोगों को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं
Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद उदित राज ने बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती को लेकर विवादित बयान दिया था। जिसको लेकर बसपा कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है। अब इसको लेकर मायावती की भी प्रतिक्रिया सामने आ गई है। जिसमें उन्होंने उदित राज पर जमकर पलटवार किया है।

मायावती ने कहा कि उनके मानवतावादी संघर्ष का हर स्तर पर तिरस्कार करने वाली कांग्रेस दलित शोषित वर्ग की विश्वनीयता नहीं हो सकती है।
मायावती ने एक्स पर पोस्ट किया कि “बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के जीतेजी व उनके देहान्त के बाद भी, करोड़ों शोषित-पीड़ित दलितों/बहुजनों के लिए उनके आत्म-सम्मान एवं स्वाभिमान के मानवतावादी संघर्ष का हर स्तर पर तिरस्कार करने वाली खासकर कांग्रेस पार्टी कभी भी इनकी सोच-नीतियों पर खरी व विश्वसनीय नहीं हो सकती।”

कांग्रेस पर साधा निशाना
सिलसिलेवार ट्वीट में मायावती ने कहा कि “विशुद्ध राजनीतिक व चुनावी स्वार्थ के लिए कांग्रेस ’जय बापू, जय भीम, जय मण्डल, जय संविधान’ आदि के नाम पर चाहे जितने भी कार्यक्रम क्यों न कर ले, बाबा साहेब के अनुयाई इनके किसी बहकावे में आने वाले नहीं हैं। वे जागरुक व सतर्क तथा अपने पैरों पर खड़े होने के लिए संघर्षरत हैं।”
उदित राज के बयान पर पलटवार करते हुये उन्होने कहा “कुछ दलबदलू अवसरवादी व स्वार्थी दलित लोग अपने आक़ाओं को खुश करने के लिए जो अनर्गल बयानबाजी आदि करते रहते हैं उनसे भी बहुजन समाज को सावधान रहने व उन्हें गंभीरता से नहीं लेने की जरूरत है क्योंकि वे ‘सामाजिक परिवर्तन व आर्थिक मुक्ति’ मूवमेन्ट से अनभिज्ञ व अपरिचित हैं।”
आपको बता दें कि उदित राज ने सोमवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में भगवत गीता का जिक्र करते हुये कहा था कि उनके श्रीकृष्ण से आदेश मिला है कि मायावती का गला घोटने का समय आ गया है। उनके इस बयान पर बीएसपी नेता आकाश आनंद ने उदित राज को गिरफ्तार करने की मांग की है।
Also Read: मायावती की क्रूरता और अक्षमता के बावजूद…, उदित राज का बसपा प्रमुख पर बड़ा हमला

