UP Politics: बीजेपी के ब्राह्मण विधायकों के सहभोज पर शिवपाल यादव का तंज, सपा में आने का दिया न्योता
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी के ब्राह्मण विधायकों की एक गुप्त बैठक और सहभोज ने राज्य का सियासी पारा बढ़ा दिया है। इस घटनाक्रम पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बीजेपी पर जातिवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए इन विधायकों को समाजवादी पार्टी में शामिल होने का खुला ऑफर दे दिया है।
सहभोज के बहाने ‘जातिगत’ गोलबंदी?
विधानमंडल सत्र के बीच कुशीनगर से भाजपा विधायक पीएन पाठक के आवास पर ब्राह्मण विधायकों के लिए एक ‘सहभोज’ का आयोजन किया गया। इस बैठक में लगभग तीन दर्जन विधायक और विधान परिषद सदस्य (MLC) शामिल हुए। बैठक में शलभमणि त्रिपाठी, रत्नाकर मिश्र, साकेत मिश्र और उमेश द्विवेदी जैसे दिग्गज नेता मौजूद रहे।
गौरतलब है कि इससे पहले भी बीजेपी के भीतर क्षत्रिय और कुर्मी विधायकों की इसी तरह की अलग-अलग बैठकें हो चुकी हैं, जिसे लेकर अब विपक्ष हमलावर है।
शिवपाल यादव का हमला
मीडिया से बातचीत के दौरान शिवपाल यादव ने बीजेपी की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा शिवपाल ने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी खुद को जातिवाद से ऊपर बताती है, लेकिन असल में उनके भीतर ही जातियों के आधार पर बैठकें हो रही हैं। पहले राजपूतों की बैठक हुई और अब ब्राह्मणों की।
शिवपाल यादव ने कहा, “अगर ब्राह्मण समाज के लोग अपनी पार्टी में उपेक्षित महसूस कर रहे हैं या अलग बैठक कर रहे हैं, तो वे समाजवादी पार्टी में आ जाएं। यहाँ उन्हें पूरा मान-सम्मान मिलेगा।”
प्रमुख उपस्थिति
इस सहभोज में पीएन पाठक (आयोजक), प्रकाश द्विवेदी, रमेश मिश्र, विपुल दूबे, राकेश गोस्वामी, रवि शर्मा, विनोद चतुर्वेदी, संजय शर्मा, विवेकानंद पाण्डेय, अनिल त्रिपाठी, अंकुर राज तिवारी, और बाबूलाल तिवारी सहित कई अन्य विधायक शामिल थे।
Also Read: Meerut News: 4 लाख की रिश्वत लेते हापुड़ क्राइम ब्रांच का इंस्पेक्टर गिरफ्तार, मचा हड़कंप

