UP Politics: योगी मंत्रिमंडल के विस्तार के संकेत, कई नये चेहरे होंगे शामिल

महाकुंभ की विदाई के बाद सियासी गुणा गणित तेज, जातीय समीकरणों के आधार पर संगठन-सरकार में होगा फेरबदल

Sandesh Wahak Digital Desk: महाकुंभ की विदाई के बाद अब यूपी में सियासी गुणगणित  है। मिशन 2027 को देखते हुए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की हरी झंडी के बाद जल्द ही योगी सरकार के विस्तार के आसार दिखाई दे रहे हैं।

सम्भावना के मुताबिक अगले करीब दस दिनों के भीतर जातीय समीकरणों के आधार पर टीम योगी में करीब चार नए चेहरे शामिल किये जा सकते हैं। इनका खाका बुधवार को बिहार सरकार के विस्तार की तर्ज पर खींचा जाएगा। यही नहीं जिन मंत्रियों ने खराब प्रदर्शन करके बीते चुनावों में भाजपा की फजीहत कराई है। उनकी योगी सरकार से विदाई किये जाने के संकेत हैं।

Lok Sabha Election

कुछ मंत्रियों की होगी छुट्टी, नये विधायकों को सरकार में मिल सकता है मौका

यही नहीं कुछ चेहरे संगठन में आने की भी उम्मीद है। यही नहीं मंत्रिमंडल फेरबदल में कई मंत्रियों के विभाग भी बदले जाएंगे और 75 पार हो चुके नेताओं को आराम दिया जाएगा। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने राज्य स्तर से फीडबैक लेने के बाद अपना होमवर्क पूरा कर लिया है। मंत्रिमंडल में पश्चिमी यूपी की हिस्सेदारी बढ़ेगी।

मिशन 2027 को देखते हुए भाजपा में तय हो रही रणनीति

मंत्रिमंडल में नये चेहरों को मौका देने का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए संदेश देना भी है कि पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी। अभी हाल ही में सम्पन्न हुए विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने प्रतिष्ठित मिल्कीपुर सीट सहित 10 में से आठ सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसमें जिन सीटों पर विपक्ष की प्रतिष्ठा को नए विधायकों ने धूल धूसरित किया है। उनको योगी मंत्रिमंडल का हिस्सा बनाये जाने की प्रबल संभावना है।

जल्द जारी होगी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समेत जिलाध्यक्षों की सूची

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए जल्द ही ताजपोशी होने के आसार हैं। इस फेहरिस्त में सरकार से लेकर संगठन के कई बड़े नामों पर सियासी बाजार गर्म है। भाजपा के जिलाध्यक्षों की सूची भी जल्द ही जारी की जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी इस पर स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव और महाकुंभ के आयोजन की वजह से प्रक्रिया कुछ धीमी हुई। जिलाध्यक्षों की सूची जारी होने में अब कहीं कोई पेंच नहीं है।

उन्होंने कहा कि बहुत जल्द ही जिलाध्यक्षों की सूची जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि सूची जारी होने में जो भी बिंदु सामने आए थे, सभी का निस्तारण हो गया है। भाजपा का संगठन सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी है। समाज के सभी वर्गों में हमारा प्रतिनिधित्व है। उन्होंने कहा कि हमारा ही एक ऐसा संगठन है, जिसमें महिलाओं और अनुसूचित जाति समेत सभी वर्गों के लिए काम करने के समान अवसर दिए गए हैं और आगे भी इसका ख्याल रखा जाएगा।

Also Read: महाकुंभ युग परिवर्तन की वो आहट, जो देश का नया भविष्य लिखने जा रही है: PM मोदी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.