Lucknow News: JPNIC को पार्किंग स्थल बनाने की तैयारी पर बिफरी सपा, LDA उपाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के गोमतीनगर स्थित जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (JPNIC) को लेकर समाजवादी पार्टी और सरकार के बीच एक बार फिर ठन गई है। सपा का आरोप है कि इस शानदार अंतरराष्ट्रीय केंद्र को पार्किंग स्थल में तब्दील करने की साजिश रची जा रही है, जिससे इसका मूल स्वरूप नष्ट हो जाएगा।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर आज सपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार से मुलाकात की। लखनऊ महानगर अध्यक्ष फाखिर सिद्दीकी की अगुवाई में पहुंचे पार्टी नेताओं ने जेपीएनआईसी के अस्तित्व को बचाने के लिए ज्ञापन सौंपा और सरकार के नए प्रस्तावों का कड़ा विरोध किया।

‘पार्किंग नहीं, सामाजिक कार्यों का केंद्र बने JPNIC’
सपा नेताओं ने अपनी मुख्य मांग में कहा कि जेपीएनआईसी जिस उद्देश्य से बनाया गया था, उसे उसी रूप में बहाल रखा जाए। उन्होंने चेताया कि इसे पार्किंग स्थल बनाना लोकनायक जयप्रकाश नारायण के अपमान जैसा है। ज्ञापन के मुख्य बिंदु निम्नलिखित रहे।
अधूरा काम और बजट: वर्ष 2017 तक इस प्रोजेक्ट का 80 फीसदी काम पूरा हो चुका था। सपा ने मांग की कि बाकी अधूरे काम के लिए तुरंत बजट जारी कर इसे चालू किया जाए।
रखरखाव की कमी: आरोप लगाया गया कि रखरखाव न होने से केंद्र में लगी कीमती मशीनें और सामान बर्बाद हो रहे हैं।
सांस्कृतिक महत्व: इसे पार्किंग के बजाय सांस्कृतिक, साहित्यिक और सामाजिक गतिविधियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।
सत्ता परिवर्तन और राजनीतिक द्वेष के आरोप
ज्ञापन में स्पष्ट कहा गया कि वर्ष 2012 में अखिलेश यादव ने इसकी आधारशिला रखी थी। लेकिन 2017 में भाजपा सरकार आने के बाद से इसे “बर्बाद करने का एजेंडा” बना लिया गया है। सपा नेताओं ने यह भी याद दिलाया कि कैसे अखिलेश यादव को कई बार लोकनायक की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने से भी रोका गया।

ज्ञापन देने वाले प्रमुख चेहरे
इस प्रदर्शन और ज्ञापन कार्यक्रम में महानगर महासचिव गौरव सिंह, वीर बहादुर सिंह, प्रदीप कनौजिया, राम सागर यादव, विजय सिंह यादव, देवेन्द्र सिंह, महानगर उपाध्यक्ष अमित सक्सेना, रजी अहमद, राजकुमार मौर्या, राजकुमार सिंह राजा, प्रशांत यादव, शफाअत हुसैन कुरैशी, तारा चन्द्र यादव, मनीष यादव, सतीश रावत और राकेश कुमार रावत मौजूद रहे।
साथ ही महानगर कोषाध्यक्ष राजवीर सिंह, सचिव विनय कुमार यादव, आनन्द कुमार श्रीवास्तव, निर्वाचन प्रभारी कलीम-उर-रहमान, अनीस अहमद लारी, उपेन्द्र कुमार सिंह, और विधानसभा अध्यक्ष मिर्जा जफर इकराम, हरिश्चन्द्र लोधी, मो. अहमद व संतोष रावत ने भी इस मांग का पुरजोर समर्थन किया।
Also Read: वोटर लिस्ट से सपा समर्थकों के नाम काटने की ‘साजिश’? अखिलेश के निर्देश पर चुनाव आयोग पहुंची सपा

