यूपी राज्यसभा चुनाव में BJP के सभी 8 प्रत्याशियों ने भरा पर्चा, CM योगी भी रहे मौजूद
UP Rajya Sabha Election: उत्तर प्रदेश राज्यसभा चुनाव में बीजेपी के सभी आठ प्रत्याशियों ने मंगलवार को नामांकन दाखिल कर दिया। इस दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक मौजूद रहे। नामांकन के बाद बीजेपी के सभी प्रत्याशी विक्ट्री साइन दिखाते हुए बाहर निकले।
बाराबंकी की पूर्व सांसद प्रियंका सिंह रावत और गोपी कृष्ण पांडेय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पैर छूकर आशीर्वाद लिया। बीजेपी प्रत्याशियों में सबसे पहले मंत्री धर्मपाल सिंह ने नामांकन दाखिल किया। सबसे आखिर में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी श्रुति गंगवार ने पर्चा भरा।
BJP के 8 और सपा के 2 उम्मीदवार
समाजवादी पार्टी के दो प्रत्याशी प्रोफेसर रामगोपाल यादव और उद्योगपति धनंजय परिमल नाथवानी पहले ही नामांकन दाखिल कर चुके हैं। सपा के पास तीसरी सीट जीतने के लिए जरूरी संख्या नहीं थी।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी तीसरा प्रत्याशी नहीं उतारने के संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि अब उनकी नजर “तीन पर नहीं, बल्कि 403 पर है।” ऐसे में राज्यसभा की सभी 10 सीटों पर उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है।
BJP ने किसी मौजूदा सांसद को नहीं दोहराया
बीजेपी ने इस बार किसी भी मौजूदा राज्यसभा सांसद को दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया है। पार्टी ने मंत्री धर्मपाल सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता राधाकांत ओझा, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल, पूर्व सांसद विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, पूर्व सांसद प्रियंका सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को मैदान में उतारा है।
राधाकांत ओझा प्रतापगढ़ निवासी और सपा सरकार में मंत्री रहे शिवाकांत ओझा के छोटे भाई हैं। बीजेपी ने सामाजिक समीकरण को ध्यान में रखते हुए तीन ओबीसी, दो दलित, दो ब्राह्मण और एक ठाकुर चेहरे को उम्मीदवार बनाया है।
राज्यसभा की 10 सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनाव में मुकाबले की स्थिति नहीं बची है। बीजेपी के आठ और सपा के दो उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है।
Also Read: सुल्तानपुर में 50 हजार गैस कनेक्शन सस्पेंड, ईकेवाईसी नहीं कराने पर बुकिंग बंद

