Kanpur News: तालाब में वैन गिरने से मासूम समेत एक ही परिवार के 4 सदस्यों की मौत

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले में शुक्रवार रात एक रूह कंपा देने वाला हादसा हुआ। खुशियां मनाकर लौट रहा एक परिवार हादसे का शिकार हो गया, जिसमें पति-पत्नी, उनकी बेटी और महज 2 साल के मासूम की जान चली गई।

मूल रूप से औरैया जिले का रहने वाला अग्निहोत्री परिवार शुक्रवार शाम कानपुर के कल्याणपुर में एक पारिवारिक समारोह में शामिल होकर वैन से घर लौट रहा था। वैन में कुल 11 लोग सवार थे। जिला मुख्यालय से करीब 40 किमी दूर शिवली के सवई गांव के पास अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया और वैन सड़क किनारे गहरे तालाब में जा गिरी।

मृतकों की पहचान राजकिशोर अग्निहोत्री (60), उनकी पत्नी स्नेहलता (55), बेटी हिमांशी (30) और पोता शिव (2) के रूप में हुई है। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। जेसीबी और गोताखोरों की मदद से वैन को बाहर निकाला गया। घायलों को इलाज के लिए लाला लाजपत राय (LLR) अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे ने बताया कि वैन चालक राजकुमार हादसे के बाद से लापता है, जिसकी तलाश जारी है।

Also Read: Kanpur News: जेल से गैंग चला रहा है हत्यारा संजय यादव, व्यापारी के बेटे पर हमले की साजिश में नाम आने से मचा हड़कंप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.