लखनऊ से बनारस-प्रयागराज-बहराइच का सफर होगा आसान, जल्द दौड़ेंगी 20 एसी इलेक्ट्रिक बसें
UP Roadways Electric Bus: उत्तर प्रदेश में पुरानी डीजल रोडवेज बसों को धीरे-धीरे बेड़े से हटाने की तैयारी है। इनके स्थान पर नई एसी इलेक्ट्रिक बसें चलाने की योजना बनाई गई है। रोडवेज मुख्यालय स्तर पर 250 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इनमें से 20 बसें लखनऊ से चलाने का प्रस्ताव भेजा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, इन बसों का संचालन तीन महीने के भीतर शुरू हो सकता है।
लखनऊ क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि नई ई-बसें उन्हीं रूट पर चलेंगी, जहां फिलहाल एसी जनरथ बसें संचालित हो रही हैं। इससे यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सफर मिलेगा।
प्रयागराज, बनारस और बहराइच जाएंगे यात्री
पहले चरण में लखनऊ से प्रयागराज, बनारस और बहराइच रूट चुने गए हैं। आलमबाग से प्रयागराज के लिए 16 और बनारस व बहराइच के लिए दो-दो बसें चलाने का प्रस्ताव है। एक बार चार्ज होने के बाद इलेक्ट्रिक बसें करीब 300 से 350 किलोमीटर तक चल सकेंगी।
प्रस्तावित किराये के मुताबिक प्रयागराज का किराया 336 रुपये, बनारस का 475 रुपये और बहराइच का 210 रुपये होगा। तीन बाई दो सीट वाली ई-बस का किराया 1.64 रुपये प्रति किलोमीटर बताया गया है।
29 अगस्त तक महिलाओं को मुफ्त यात्रा
रक्षाबंधन पर महिलाओं और बहनों को 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक रोडवेज, सिटी बस और ई-बस में मुफ्त यात्रा मिलेगी। एक महिला अपने साथ एक सहयात्री को भी मुफ्त ले जा सकेगी। 27 से 29 अगस्त के लिए पहले टिकट बुक कराने वाली महिलाओं को भी लाभ मिलेगा। एडवांस टिकट की रकम 31 अगस्त के बाद बैंक खाते में वापस की जाएगी।

