UP: 16 साल से फरार 50,000 के इनामी डकैत सतीश उर्फ मनीष गिरफ्तार, STF ने दबोचा
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक बड़ी कामयाबी मिली है। 16 साल से फरार चल रहे कुख्यात डकैत और ₹50,000 के इनामी अपराधी सतीश उर्फ मनीष को राजस्थान के अलवर जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरफ्तारी 20 जून को बरेली के थाना भोजीपुरा में दर्ज डकैती केस में की गई, जो वर्ष 2009 से लंबित था।
कौन है गिरफ्तार अपराधी?
नाम: सतीश उर्फ मनीष
पिता: मनोहर उर्फ अजय
स्थायी पता: ग्राम बनपोई, थाना मोहम्मदाबाद, जिला फर्रुखाबाद
फिलहाल: आनंद नगर, वार्ड 25, जाट कॉलोनी, खैरथल, जिला अलवर (राजस्थान)
गिरफ्तारी कब और कहां हुई?
स्थान: हरसौली फाटक, खैरथल (अलवर, राजस्थान)
तारीख: 19 जून 2025
समय: लगभग शाम 6:50 बजे
कैसे चढ़ा पुलिस के हत्थे?
एसटीएफ को लगातार सूचना मिल रही थी कि कुछ वांछित इनामी अपराधी उत्तर प्रदेश के बाहर रहकर अपनी पहचान छिपा कर आपराधिक गतिविधियां चला रहे हैं। STF फील्ड यूनिट बरेली के एएसपी अब्दुल कादिर के नेतृत्व में गठित टीम को इस मामले में लगाया गया। मुखबिर की सूचना पर उप निरीक्षक धूम सिंह के नेतृत्व में मुख्य आरक्षी संदीप, कुलदीप, अरुण, आरक्षी संजय यादव और चालक मनोज अवस्थी की टीम अलवर रवाना हुई और मौके से सतीश को धर दबोचा।
अभियुक्त ने पूछताछ में क्या बताया?
सतीश ने स्वीकार किया कि वह एक घुमंतू अपराधी गिरोह का सक्रिय सदस्य है। यह गिरोह विभिन्न राज्यों में घूम-घूमकर लूट, डकैती और चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देता था। पहचान छिपाने के लिए फर्जी नाम-पते के दस्तावेज बनवाकर अलग-अलग जगहों पर रहता रहा। वर्ष 2009 में बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में अपने सात साथियों के साथ मिलकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था, जिसके बाद वह फरार हो गया था।

गिरफ्तार सतीश को बरेली के थाना भोजीपुरा में दर्ज मुकदमा संख्या 336/2009, धारा 395 आईपीसी के तहत जेल भेजा गया है। STF और स्थानीय पुलिस अब इसके नेटवर्क और साथी अपराधियों की तलाश में जुटी है।
Also Read: लखनऊ में ED की बड़ी कार्रवाई: कारोबारी सतिंदर सिंह भसीन की 44 करोड़ की संपत्ति जब्त

