4.60 लाख छात्रों के खाते में स्कॉलरशिप, योगी बोले- कोई बच्चा वंचित न रहे

UP Scholarship: उत्तर प्रदेश के 4.60 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में शनिवार को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति की राशि भेजी गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इसका शुभारंभ किया। मौजूदा चरण में 148 करोड़ रुपये से अधिक की राशि चार वर्गों के विद्यार्थियों को दी जा रही है।

2017 से पहले की व्यवस्था पर बोले योगी

सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले छात्रवृत्ति न समय पर मिलती थी और न पूरी। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के कारण छात्रों की रकम प्रभावित होती थी और बाबू भी कमीशन काट लेते थे। योगी ने कहा कि अब एडमिशन के बाद ही पात्र छात्रों को छात्रवृत्ति भेजने की व्यवस्था की गई है। 2 अक्टूबर को बैंक बंद होने के कारण इस बार 3 अक्टूबर को राशि ट्रांसफर की गई।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कोई भी बच्चा छात्रवृत्ति से वंचित नहीं रहना चाहिए। पिछले साल संस्था की गलती, छात्र के देरी से आवेदन या किसी अन्य त्रुटि के कारण जिन छात्रों को राशि नहीं मिल सकी, उन्हें भी छात्रवृत्ति देने की बात कही।

OBC को 60.01 करोड़, SC को 64.54 करोड़

इस चरण में OBC के 2,23,615 छात्रों को 60.01 करोड़, SC के 1,59,959 छात्रों को 64.54 करोड़ और सामान्य वर्ग के 38,084 छात्रों को 11.43 करोड़ रुपये मिलेंगे। अल्पसंख्यक वर्ग के 38,901 छात्रों के लिए 12.06 करोड़ रुपये निर्धारित हैं।

योगी ने कहा कि सरकार चाहती है कि पैसे के अभाव में किसी छात्र की पढ़ाई न रुके। उन्होंने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत स्कूलों में पानी और अलग शौचालयों की व्यवस्था तथा बेसिक शिक्षा के 1.60 करोड़ बच्चों को कॉपी-किताब, यूनिफॉर्म और जूते-मोजे उपलब्ध कराने का भी उल्लेख किया। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 65.95 लाख से अधिक छात्रों को 4,793 करोड़ रुपये से ज्यादा की छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति दी गई।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.