UP SIR अवधि एक बार फिर बढ़ेगी, पौने तीन करोड़ गणना फॉर्म जमा नहीं, चुनाव आयोग गंभीर
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत लगभग पौने तीन करोड़ (17.7%) मतदाताओं के गणना फॉर्म अभी तक वापस नहीं आ पाए हैं। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए चुनाव आयोग ने संज्ञान लिया है, और उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, SIR की अवधि एक बार फिर एक सप्ताह के लिए बढ़ाना लगभग तय है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने किया अनुरोध
जमा फॉर्म की स्थिति: प्रदेश के 15.44 करोड़ से अधिक मतदाताओं में से 80% गणना फॉर्म वापस आ चुके हैं, लेकिन 17.7% फॉर्म अभी भी जमा नहीं हो पाए हैं। हालांकि, गणना प्रपत्रों के डिजिटलाइजेशन का काम 97.3% पूरा हो चुका है। इससे पहले, गणना फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 30 नवंबर से बढ़ाकर 11 दिसंबर की गई थी। अब मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा ने चुनाव आयोग से और समय देने का अनुरोध किया है। नया फैसला 11 दिसंबर से पहले आने की संभावना है।
सीईओ नवदीप रिणवा ने सभी राजनीतिक दलों से इन फॉर्मों को संग्रहित करवाने में सहयोग करने का अनुरोध भी किया है, तथा जिला निर्वाचन अधिकारियों को फील्ड में चेक करने के निर्देश दिए हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ का सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद, आगरा और मुरादाबाद में SIR की समीक्षा की और इसे ‘लोकतंत्र के लिए बूस्टर डोज’ बताया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को सख्त निर्देश दिए कि बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों की पहचान कर उनके नाम मतदाता सूची से हटवाएं और उन्हें डिटेंशन सेंटर भेजने की प्रक्रिया शुरू करें। ज्यादा से ज्यादा पात्र लोगों के फॉर्म जमा करवाकर उनके नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं। नवविवाहित जोड़ों के घरों में जाकर यह सुनिश्चित करें कि लड़कियों का वोट मायके और ससुराल दोनों जगह न हो, जिससे गणना में दिक्कतें न हों।
सीएम ने जनप्रतिनिधियों से शादी के कार्यक्रमों में कम जाने और जनता के बीच ज्यादा समय बिताने का आह्वान किया।

