Lucknow News: स्मार्ट मीटर को लेकर संजय सिंह ने सरकार पर बोला हमला, जनता से खुली लूट का लगाया आरोप
Lucknow News: आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने रविवार को लखनऊ में एक प्रेस वार्ता कर उत्तर प्रदेश सरकार पर स्मार्ट मीटर योजना के नाम पर जनता को लूटने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया को खुला घोटाला बताते हुए सड़क से लेकर संसद और न्यायालय तक संघर्ष करने की चेतावनी दी।
संजय सिंह ने कहा कि सरकार का यह आदेश न केवल जनविरोधी है, बल्कि इलेक्ट्रिसिटी एक्ट 2003 की धारा 55 का खुला उल्लंघन है। इस धारा में उपभोक्ता की सहमति के बिना घर में स्मार्ट मीटर लगाए जाने पर रोक है, लेकिन सरकार जबरदस्ती यह तुगलकी फरमान थोप रही है। स्मार्ट मीटर के नाम पर लाखों उपभोक्ताओं को ठगा जा रहा है।
उन्होंने कहा, 2018 में जब 2G स्मार्ट मीटर लगाए गए थे, तब भी लोगों ने विरोध किया था क्योंकि ये मीटर 15 से 20 प्रतिशत तेज़ चलते हैं। यानी 2000 रुपये का बिल 2400-2500 रुपये तक आता है। उन्होंने दावा किया कि जनता में इस लूट को लेकर गुस्सा और नाराज़गी चरम पर है।

959 करोड़ रुपये के घोटाले पर सवाल
सांसद संजय सिंह ने 2G मीटर हटाकर 4G मीटर लगाने के अचानक लिए गए फैसले पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि 2018 में 2G स्मार्ट मीटर लगाने का आठ साल का कॉन्ट्रैक्ट हुआ था, जिसके तहत 40 लाख घरों में मीटर लगाने का लक्ष्य था। कहा, सरकार यह बताए कि जब 4G मीटर ही लगाने थे, तो 2018 में 2G मीटर क्यों लगाए गए? आखिर 959 करोड़ रुपये जनता की गाढ़ी कमाई का हिसाब कौन देगा?
उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि सरकार ने मीटर लगाने का टेंडर 8,415 रुपये प्रति मीटर के हिसाब से किया, जबकि मीटर 6,016 रुपये में लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, घोटाला साफ़ है और जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। संजय सिंह ने प्रीपेड स्मार्ट मीटर प्रणाली को आम उपभोक्ताओं के लिए बड़ा संकट बताया।
उन्होंने कहा कि जैसे ही रिचार्ज खत्म होगा, बिजली तुरंत कट जाएगी। भीषण गर्मी में जब बच्चे रो रहे होंगे, बुज़ुर्ग परेशान होंगे, तब भी बिजली बंद हो जाएगी क्योंकि सरकार ने प्रीपेड सिस्टम थोप दिया है। उन्होंने समय के हिसाब से बिजली दर वसूलने की नई प्रणाली पर भी सवाल उठाए। पहले बिजली दर यूनिट के हिसाब से तय होती थी, अब सरकार घड़ी के हिसाब से क्यों तय कर रही है? क्या गरीब जनता को गर्मी के महीनों में तबाह करने की साजिश है? उन्होंने आशंका जताई कि जून-जुलाई के महीनों में दरें ₹40 प्रति यूनिट तक पहुँच सकती हैं, जिससे उपभोक्ताओं के पैसे अनायास कटते रहेंगे।
संजय सिंह ने दोहराया कि आम आदमी पार्टी इस असंवैधानिक और जनविरोधी कदम के खिलाफ सड़क से लेकर संसद और ज़रूरत पड़ने पर न्यायालय तक लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत 959 करोड़ रुपये के इस कथित घोटाले की जाँच कराए और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करे। उन्होंने कहा, हम उत्तर प्रदेश की जनता से बिजली के नाम पर होने वाली यह लूट नहीं होने देंगे।

