UP: सरकार के बेड़े में शामिल होगा अत्याधुनिक अगस्ता हेलीकॉप्टर, पायलट इटली में लेंगे ट्रेनिंग
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सरकार जल्द ही अपने हवाई बेड़े में विश्व के अत्याधुनिक हेलीकॉप्टरों में शुमार अगस्ता एडब्लू 139 को शामिल करने जा रही है। नागरिक उड्डयन विभाग ने हेलीकॉप्टर की खरीद को मंजूरी देते हुए तीन पायलटों को विशेष प्रशिक्षण के लिए इटली भेजने के आदेश जारी किए हैं।
निर्माता कंपनी लियोनार्डो हेलीकॉप्टर (इटली) पायलटों को उड़ान संचालन, तकनीकी पहलुओं और आपात स्थिति में सुरक्षित लैंडिंग का प्रशिक्षण देगी। कैप्टन अमित कुमार भूटानी और कैप्टन अक्षय जायसवाल को 13 अगस्त से 10 अक्टूबर तक, जबकि कैप्टन राजेश कुमार शर्मा को 9 अक्टूबर से 27 नवंबर तक इटली भेजा जाएगा। सरकार ने विदेश यात्रा पर कुल 50.40 लाख रुपये के खर्च को मंजूरी दी है, जिसमें हवाई किराया, भत्ता, होटल, बीमा और वीजा शुल्क शामिल हैं।
अत्याधुनिक चार्टर्ड प्लेन भी खरीदने की योजना में
प्रदेश सरकार हेलीकॉप्टर के साथ एक नया अत्याधुनिक चार्टर्ड प्लेन भी खरीदने की योजना में है। चार्टर्ड प्लेन और हेलीकॉप्टर की खरीद पर 600-700 करोड़ रुपये तक का खर्च अनुमानित है। इससे पहले मायावती और अखिलेश यादव के शासनकाल में भी चार्टर्ड प्लेन और हेलीकॉप्टर खरीदे गए थे, लेकिन योगी सरकार में यह पहली बार हो रहा है। हेलीकॉप्टर के साथ फ्रांस निर्मित फाल्कन या बॉम्बार्डियर चार्टर्ड प्लेन पर विचार किया जा रहा है, जिसके लिए अमेरिका और यूरोप की चार कंपनियों ने प्रस्ताव दिए हैं।
नए विमान जुड़ने के बाद यूपी सरकार के पास पांच चार्टर्ड प्लेन और चार हेलीकॉप्टर हो जाएंगे—जो देश में किसी भी राज्य सरकार के सबसे बड़े हवाई बेड़े में गिने जाएंगे। मायावती सरकार ने 2008 में बीचक्राफ्ट प्रीमियर 1-ए जेट और हॉकर 900 एक्सपी खरीदे थे, जबकि अखिलेश यादव सरकार में बीचक्राफ्ट 200 टर्बोप्रॉप और बेल 412 हेलीकॉप्टर शामिल किए गए थे।
अगस्ता एडब्लू 139 की खासियतें
- अधिकतम रफ्तार 278 किमी/घंटा
- बुलेटप्रूफ बॉडी
- मशीनगन फिट करने की सुविधा
- दो पायलट की क्षमता
- तीन शक्तिशाली इंजन
- हवा में ईंधन भरने की क्षमता
- सबसे बड़ा केबिन: 8.3 फीट चौड़ा, 6.1 फीट ऊंचा
- अधिकतम वजन 15,600 किलो
यह हेलीकॉप्टर न केवल वीआईपी मूवमेंट बल्कि आपदा प्रबंधन और सुरक्षा मिशनों में भी गेमचेंजर साबित हो सकता है।
Also Read: BCCI की नई नीति से बढ़ी रोहित-विराट की चुनौती, विजय हजारे ट्रॉफी से तय होगा वनडे भविष्य

