आगरा में UP STF की कार्रवाई, मुठभेड़ में रणदीप भाटी गैंग का ‘शूटर’ पवन उर्फ कल्लू घायल, 50 हजार का था इनाम

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (नोएडा यूनिट) और आगरा पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान कुख्यात अपराधी पवन उर्फ कल्लू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आगरा के थाना एकता क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ में बदमाश पैर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए तत्काल अस्पताल भेजा गया है।

अपराधी का प्रोफाइल और आपराधिक इतिहास

वह शासन द्वारा चिन्हित कुख्यात रणदीप भाटी – अमित कसाना गैंग का सक्रिय शूटर है। पवन पर हत्या के 4 और रंगदारी के 2 मुकदमों सहित कुल 18 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह आगरा के थाना ताजगंज में दर्ज रंगदारी के एक मामले में वांछित चल रहा था और उस पर ₹50,000 का इनाम घोषित था। उल्लेखनीय है कि 2021 में एक हत्या के मामले में उस पर ₹1 लाख का इनाम भी रह चुका है।

जेल में बना ‘हिमांशु भाऊ’ गैंग का साथी

जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि जेल में रहने के दौरान पवन, हरियाणा के कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग के संपर्क में आया था। 2025 में जेल से बाहर आने के बाद उसने हिमांशु भाऊ गैंग के साथ मिलकर दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रंगदारी का बड़ा नेटवर्क फैलाना शुरू कर दिया था। एसटीएफ के अनुसार, वह इस गैंग के साथ मिलकर दिल्ली-एनसीआर और यूपी में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।

बरामदगी

पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में अवैध असलहे और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आगरा में वह किसके इशारे पर और किस वारदात को अंजाम देने आया था।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.