UP दरोगा भर्ती में ठगी का खेल, एसटीएफ ने मथुरा से शातिर जालसाज को दबोचा

Lucknow News: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित की जा रही उपनिरीक्षक (SI) सीधी भर्ती-2025 की परीक्षा को लेकर एसटीएफ पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में एसटीएफ की मेरठ फील्ड इकाई ने मथुरा के राया थाना क्षेत्र से अनुज कुमार नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो परीक्षा पास कराने के नाम पर अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूल रहा था।

अपर पुलिस अधीक्षक (STF) बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन में टीम सोशल मीडिया और मुखबिरों के जरिए इन जालसाजों पर नजर रख रही थी। शनिवार रात करीब 8:40 बजे एसटीएफ टीम ने राया के शिवपुरी मोहल्ले में रजनी लाइब्रेरी के पास से अनुज को हिरासत में लिया। उसके पास से पुलिस भर्ती के एडमिट कार्ड और व्हाट्सएप चैट्स जैसे पुख्ता सबूत मिले हैं।

पूछताछ में अनुज ने बताया कि वह खुद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है। कोचिंग के दौरान उसकी मुलाकात गोपाल रावत से हुई, जो इस गिरोह का मास्टरमाइंड है। इनके ठगी करने का तरीका बेहद शातिर था। एक अभ्यर्थी को पास कराने के लिए 22 लाख रुपये मांगे जाते थे। परीक्षा से पहले 3 लाख, परीक्षा के बाद 5 लाख और बाकी रकम के लिए ब्लैंक चेक व शपथ पत्र (एफिडेविट) लिया जाता था ताकि अभ्यर्थी को विश्वास हो जाए। यदि अभ्यर्थी अपनी मेहनत से पास हो जाता, तो ये लोग पैसा हड़प लेते। अगर वह फेल होता, तो धीरे-धीरे पैसा वापस करने का झांसा देते थे। अनुज का काम केवल नए ‘शिकार’ (अभ्यर्थी) तलाशना था।

बरामदगी और कानूनी कार्रवाई

एसटीएफ ने अनुज के पास से 1 मोबाइल फोन, 2 दरोगा भर्ती के एडमिट कार्ड, 4 अन्य परीक्षाओं के प्रवेश पत्र और व्हाट्सएप पर हुई डीलिंग के सबूत बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ थाना राया में उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

Also Read: श्रावस्ती में जल्द पूरा होगा बुद्धवनम पार्क का निर्माण, विदेशी पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.