Gorakhpur News: UP STF ने 50 हजार के इनामी गो-तस्कर शौकीन को किया गिरफ्तार
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ की टीम ने शुक्रवार रात गोरखपुर-देवरिया हाईवे पर रामनगर करजहा जीरो पॉइंट ओवरब्रिज के नीचे से शातिर अपराधी शौकीन को दबोच लिया। मुजफ्फरनगर के मीरापुर का रहने वाला शौकीन चंदौली के सैयदराजा थाने से वांछित था और उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत 50,000 रुपये का इनाम घोषित था।
एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार नागर के नेतृत्व में एक टीम अपराधियों की तलाश में गोरखपुर क्षेत्र में सक्रिय थी। इसी दौरान मुख्य आरक्षी रुद्र नारायण उपाध्याय और उनकी टीम को सटीक सूचना मिली कि इनामी बदमाश शौकीन हाईवे के पास मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी की और उसे भागने का मौका दिए बिना गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद शौकीन ने कुबूल किया कि वह एक संगठित गिरोह चलाता है। यह गिरोह यूपी, हरियाणा, पंजाब और बिहार से गोवंशीय पशुओं को अवैध रूप से इकट्ठा करता था और उन्हें तस्करी कर असम व पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में भेजता था। मार्च 2023 में चंदौली में केस दर्ज होने के बाद वह बिहार, हरियाणा, मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद में पहचान छिपाकर रह रहा था।
अपराधों की लंबी फेहरिस्त
शौकीन कोई मामूली अपराधी नहीं है। उस पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वांचल तक दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।
गो-तस्करी और गैंगस्टर एक्ट: मेरठ, बुलंदशहर, हरदोई और चंदौली में गोवध निवारण अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट के तहत कई मामले।
जानलेवा हमला: पुलिस टीम पर हमला करने (धारा 307) और सरकारी कार्य में बाधा डालने के केस।
अन्य अपराध: दहेज उत्पीड़न, बिजली चोरी और मारपीट जैसे कुल 15 से ज्यादा संगीन मामले उस पर दर्ज हैं।

