UP STF ने मेरठ में दो तस्करों को किया गिरफ्तार, 40 लाख रुपये की चरस बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने आज एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मेरठ के सोहराबगेट बस स्टैंड से दो अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से लगभग 10 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली चरस बरामद हुई है, जिसका अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित मूल्य लगभग 40 लाख रुपये है।

एसटीएफ लखनऊ की टीम को पिछले काफी समय से मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अंतरराष्ट्रीय गिरोहों के सक्रिय होने की सूचनाएं मिल रही थीं। इस सूचना के आधार पर एसटीएफ की विभिन्न टीमों को अभिसूचना संकलन और कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया था।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

इसी क्रम में, पुलिस उपाधीक्षक अवनीश्वर चन्द्र श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में अभिसूचना संकलन की कार्रवाई चल रही थी। 22 अप्रैल, 2025 को एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली कि बिहार से दो व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर मेरठ आने वाले हैं। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) लखनऊ की टीम के साथ मिलकर सोहराबगेट बस स्टैंड, मेरठ पर घेराबंदी की।

कार्रवाई के दौरान, टीम ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान मिथलेश मॉझी (पुत्र महेश मॉझी, निवासी बरहरवा, पश्चिमी चम्पारण, बिहार) और बबीता देवी (पत्नी विषय गिरी कुशवाहा, निवासी मंझरिया, पश्चिमी चम्पारण, बिहार) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से लगभग 10 किलोग्राम चरस, तीन मोबाइल फोन और 2,000 रुपये नकद बरामद हुए। गिरफ्तारी 22 अप्रैल, 2025 को दोपहर लगभग 2:00 बजे की गई।

पूछताछ में हुआ खुलासा

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि उन्हें नेपाल से “दादा” नामक एक व्यक्ति चरस उपलब्ध कराता है। यह व्यक्ति उन्हें ट्रेन या बस में बैठा देता है और मेरठ पहुंचने पर एक मोबाइल नंबर पर संपर्क करने को कहता है। वहां आने वाला व्यक्ति उनसे चरस की खेप लेता है और उन्हें वापस जाने के लिए टिकट करा देता है। अभियुक्तों ने यह भी बताया कि उन्हें रास्ते का किराया, खाने का खर्च और 3,000 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से भाड़ा मिलता है।

गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ एनसीबी लखनऊ में केस संख्या 08/2025, धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई एनसीबी लखनऊ द्वारा की जा रही है।

Also Read: Pahalgam Terror Attack: बीजेपी के विज्ञापन पर भड़के अखिलेश यादव, बोले- सत्ता के सिवा भाजपा…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.