Varanasi News: एसटीएफ के हत्थे चढ़ा 50 हजार का इनामी मो. अरशद
Varanasi News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ की वाराणसी फील्ड यूनिट ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चंदौली जिले से वांछित और 50,000 रुपये के पुरस्कार घोषित अपराधी मो. अरशद को गिरफ्तार कर लिया है। अरशद पर गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता जैसे गंभीर मामलों में मुकदमा दर्ज था और वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।
एसटीएफ को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि इनामी बदमाश अरशद वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र के धमरियॉ मैदान के पास छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही एसटीएफ की टीम ने सटीक घेराबंदी की और बुधवार (25 फरवरी) की रात करीब 10:10 बजे उसे धर दबोचा।
पूछताछ और जांच में सामने आया कि मो. अरशद मूल रूप से वाराणसी के सिगरा इलाके का रहने वाला है और बेहद दबंग किस्म का व्यक्ति है। साल 2020 और 2021 में उसके खिलाफ मारपीट और धमकाने के मामले सिगरा थाने में दर्ज हुए थे। बाद में वह गो-वंशीय पशुओं की तस्करी करने वाले गैंग के संपर्क में आ गया।
मार्च 2024 में चंदौली पुलिस ने 34 पशुओं से लदे तीन वाहनों को पकड़ा था, जिसमें अरशद के गिरोह के तीन सदस्य पकड़े गए थे। तभी से अरशद फरार चल रहा था और पुलिस ने उस पर 50 हजार का इनाम घोषित कर दिया था।
अपराधिक इतिहास पर एक नजर
गिरफ्तार आरोपी अरशद के खिलाफ वाराणसी और चंदौली के अलग-अलग थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
थाना सिगरा (वाराणसी): मारपीट, धमकाने और तोड़फोड़ की विभिन्न धाराएं (2020)।
थाना सिगरा (वाराणसी): बलवा और मारपीट का मामला (2021)।
कोतवाली (चंदौली): गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम (2024), इसी मामले में इनाम घोषित था।
Also Read: Ballia News: होली से पहले बिहार में शराब खपाने की थी तैयारी, STF ने दबोचे 3 अंतरराज्यीय तस्कर

