Ayodhya News: STF के हत्थे चढ़ा 50 हजार का इनामी टेनिस
Ayodhya News: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक साल से फरार चल रहे 50,000 रुपये के इनामी अपराधी प्रखर रावत उर्फ टेनिस को गिरफ्तार करने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। आरोपी अयोध्या के पूराकलंदर थाने में दर्ज लूट और डकैती के मामले में वांछित था।
एसटीएफ फील्ड इकाई अयोध्या के पुलिस उपाधीक्षक प्रमेश कुमार शुक्ला के निर्देशन में टीम वांछित अपराधियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान उप निरीक्षक सौरभ मिश्रा की टीम को सूचना मिली कि इनामी बदमाश प्रखर जनौरा इलाके में भीमसेन पैलेस के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही टीम ने रात करीब 10:07 बजे घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
नशे की लत ने बनाया मुजरिम
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में प्रखर रावत ने अपनी अपराध की दुनिया में कदम रखने की कहानी बताई। आरोपी ने बताया कि करीब 4 साल पहले वह केएमएस शुगर मिल अयोध्या में नौकरी करता था। मिल में काम करने के दौरान उसकी दोस्ती कुछ गलत लोगों से हो गई, जिसकी वजह से उसे नशे की लत लग गई। नशे के लिए पैसों की कमी पड़ने लगी, तो उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर चोरी और लूट जैसी वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया।
प्रखर रावत उर्फ टेनिस को पूराकलंदर थाने में दर्ज मुकदमे (मु.अ.सं. 706/2024) के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में दाखिल किया गया है। अब स्थानीय पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Also Read: Lucknow News: 50 हजार का इनामी गोतस्कर कौसर अली गिरफ्तार, कई राज्यों में फैला था तस्करी का जाल

