गोंडा: STF के हत्थे चढ़ा 50 हजार का इनामी गैंगस्टर मलखान सिंह, शराब की दुकानों में चोरी का था मास्टरमाइंड
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने गोंडा जिले के परसपुर थाने से वांछित चल रहे ₹50,000 के इनामी बदमाश मलखान सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मलखान लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था और उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज था।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
एसटीएफ लखनऊ की टीम को मुखबिर से पक्की सूचना मिली थी कि मलखान सिंह गोंडा के परसपुर इलाके में हरदिहा गांव के टावर के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस के साथ घेराबंदी की और बुधवार रात (21 जनवरी) करीब 8:20 बजे उसे धर दबोचा।
पूछताछ के दौरान मलखान सिंह ने अपने गुनाहों का कच्चा चिट्ठा खोल दिया। उसने बताया कि वह अपने साथियों (रितिक, जाकिर, रिजवान, सनी आदि) के साथ मिलकर शराब और बियर की दुकानों को निशाना बनाता था।
उसने लक्षनपुरवा डेहरास और धरमनगर की बियर दुकानों में दीवार काटकर (सेंध लगाकर) चोरी की थी। गिरफ्तारी से पहले वह अपने साथियों के साथ मोहना स्थित एक शराब दुकान में चोरी की योजना बना रहा था, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
शातिर अपराधी का रिकॉर्ड
मलखान सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर परसपुर थाने में चोरी और गैंगस्टर एक्ट सहित बीएनएस (BNS) की कई गंभीर धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
इस सफल ऑपरेशन का नेतृत्व निरीक्षक प्रताप नारायण सिंह की टीम ने किया, जिसमें मुख्य आरक्षी दिलीप कुमार, कुलदीप सिंह और चालक नागेश मिश्र शामिल थे। फिलहाल आरोपी को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है और आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।
Also Read: कांग्रेस नेता के भतीजे ने पत्नी की हत्या कर खुद को भी मारी गोली, दो महीने पहले ही हुई थी शादी

