Lucknow News: 2 करोड़ की गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, ट्रक में स्पेशल केबिन बनाकर ओडिशा से हो रही थी तस्करी
Lucknow News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने अंतरराज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ मुख्यालय की टीम ने लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 7.75 क्विंटल (775 किलो) गांजा बरामद हुआ है। पकड़े गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1.93 करोड़ रुपये है।
गिरफ्तार तस्कर कौशल कुमार (निवासी फतेहपुर) ने पूछताछ में बताया कि तस्करी के लिए उन्होंने एक खास तरीका अपनाया था। टाटा अल्ट्रा डीसीएम ट्रक (UP-71-AT-3380) में एक गुप्त केबिन (कैविटी) बनाई गई थी, जिसमें एक बार में 10 क्विंटल तक गांजा छिपाया जा सकता था। पकड़े जाने से बचने के लिए तस्कर केबिन में गांजा भरने के बाद ऊपर से कबाड़ (स्क्रैप) की बोरियां लाद देते थे, ताकि पुलिस को सामान्य माल ढुलाई का भ्रम हो।

ओडिशा से लखनऊ का कनेक्शन
एसटीएफ के मुताबिक, यह गिरोह ओडिशा प्रांत से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करता था। आरोपी कौशल कुमार ने बताया कि वह समरजीत उर्फ सोनू गुप्ता और उसके साथियों के लिए काम करता है। उसे गांजे की एक खेप सुरक्षित पहुंचाने के बदले 50 हजार रुपये प्रति चक्कर मिलते थे। वह अब तक 6-7 बार गांजे की बड़ी खेप ला चुका है।

एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक दीपक कुमार सिंह के निर्देशन में टीम को सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप रायबरेली के रास्ते लखनऊ आने वाली है। उपनिरीक्षक हरीश सिंह चौहान की टीम ने निगोहां-नगराम रोड पर रेलवे क्रॉसिंग के पास घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध ट्रक वहां पहुंचा, टीम ने उसे रोक लिया। तलाशी के दौरान स्क्रैप के नीचे बने गुप्त केबिन से गांजे के पैकेट बरामद हुए। एसटीएफ ने गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ थाना निगोहां में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस अब गिरोह के सरगना समरजीत उर्फ सोनू गुप्ता, मयंक गुप्ता और सैय्यद दावर अलवी की तलाश में दबिश दे रही है।
Also Read: संसद में गूंजा Farooq Abdullah पर हमले का मामला, आमने-सामने BJP और कांग्रेस

