Agra News: रायपुर सेंट्रल जेल से फरार 5 हजारी इनामी कैदी आगरा से गिरफ्तार, पहचान छिपाकर कर रहा था RO का काम
Agra News: छत्तीसगढ़ की रायपुर जेल से फरार होकर उत्तर प्रदेश में छिपे शातिर अपराधी चंद्रवीर उर्फ पिंटू का सफर आज खत्म हो गया। यूपी एसटीएफ की आगरा यूनिट और छत्तीसगढ़ पुलिस ने एक संयुक्त घेराबंदी कर उसे आगरा के कोतवाली क्षेत्र स्थित पीपल गेट से दबोच लिया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि साल 2021 में उसे गरियाबंद (छत्तीसगढ़) में भारी मात्रा में नशीले पदार्थों के साथ पकड़ा गया था, जिसके बाद अदालत ने उसे 15 साल की कठोर सजा सुनाई थी। 21 अगस्त, 2025 को रायपुर जेल मुख्यालय में मरम्मत का काम चल रहा था। अन्य बंदियों के साथ काम करते समय मौका पाकर चंद्रवीर वहां से चकमा देकर भाग निकला। जेल से भागने के बाद वह मथुरा के गोवर्धन इलाके में रहने लगा। वहां उसने अपनी पहचान पूरी तरह बदल ली और अपने एक दोस्त के आधार कार्ड व ड्राइविंग लाइसेंस (DL) का इस्तेमाल करने लगा ताकि पुलिस को कानों-कान खबर न हो।
हैरानी की बात यह है कि एक सजायाफ्ता अपराधी उत्तर प्रदेश में रहकर RO (वाटर प्यूरीफायर) रिपेयरिंग का काम कर रहा था। छत्तीसगढ़ पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया था और यूपी एसटीएफ से मदद मांगी थी। एएसपी राकेश (एसटीएफ फील्ड इकाई, आगरा) के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। सोमवार दोपहर करीब 12:40 बजे मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि चंद्रवीर आगरा के पीपल गेट इलाके में मौजूद है। सब-इंस्पेक्टर योगेंद्र सिंह और उनकी टीम ने छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ मिलकर तत्काल दबिश दी और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

