GST Scam: UP STF ने सहारनपुर से दबोचे 3 आरोपी, फर्जी फर्मों से लगाई करोड़ों की चपत

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने जीएसटी चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को एसटीएफ मुख्यालय ने जानकारी दी कि सहारनपुर जिले से तीन अभियुक्तों विशाल गर्ग, बशारत और फरमान को गिरफ्तार किया गया है। ये लोग बोगस फर्में (फर्जी कंपनियां) बनाकर फर्जी इनवॉइस और ई-वे बिल के जरिए करोड़ों रुपये के इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का अवैध कारोबार कर रहे थे।

कैसे चलता था ‘फर्जीवाड़े का खेल’?

पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के तार जेल में बंद मास्टरमाइंड राजेश सुनैजा से जुड़े हैं। इस गिरोह की कार्यप्रणाली बेहद शातिर थी। अभियुक्त कूटरचित दस्तावेजों (Fake Documents) के आधार पर उत्तर प्रदेश और हरियाणा जैसे राज्यों में फर्जी फर्में रजिस्टर करते थे।

ये फर्में बिना किसी वास्तविक खरीद-बिक्री के केवल कागजों पर ‘सेल्स इनवॉइस’ और ‘ई-वे बिल’ तैयार करती थीं। वास्तविक फर्म मालिक व्हाट्सएप के जरिए इन्हें माल का विवरण भेजते थे, जिसके बदले में ये गिरोह फर्जी बिल बनाकर उन्हें इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ दिलाता था।

बैंक ट्रांजैक्शन को असली दिखाने के लिए ये लोग कई खातों के बीच पैसा घुमाते थे (सर्कुलर ट्रेडिंग), जिसका एक्सेस और ओटीपी (OTP) इन्हीं के पास रहता था।

बरामदगी और तकनीकी साक्ष्य

एसटीएफ ने अभियुक्तों के पास से डिजिटल अपराध के पुख्ता सबूत बरामद किए हैं।

2 लैपटॉप और 6 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जिनमें 30 से ज्यादा ईमेल आईडी लॉगिन थीं।

17 चेकबुक, 11 पासबुक और 9 एटीएम कार्ड मिले हैं, जिनका इस्तेमाल फर्जी लेनदेन के लिए किया जाता था।

मोबाइल और लैपटॉप में भारी संख्या में फर्जी जीएसटी रिटर्न और बिलों का डेटा मिला है।

राजस्व को पहुंचाई भारी क्षति

डिप्टी एसपी प्रमेश कुमार शुक्ल के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि यह गिरोह न केवल यूपी बल्कि पड़ोसी राज्यों में भी सक्रिय था। अकेले ‘वंश इंटरप्राइजेज’ जैसी फर्मों के नाम पर करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी की गई है। फिलहाल गिरफ्तार तीनों आरोपियों को सहारनपुर के सदर बाजार थाने में दर्ज मुकदमे के तहत जेल भेज दिया गया है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

Also Read: लखनऊ में ‘बमबाजी’ कर मांगी 10 लाख की रंगदारी, STF और पुलिस ने 5 शातिर बदमाशों को दबोचा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.