UP STF ने सीतापुर से 177 प्रतिबंधित तोतों के साथ अंतरराज्यीय तस्कर को किया गिरफ्तार
Sitapur News: उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (UP STF) को अंतरराज्यीय स्तर पर प्रतिबंधित और संरक्षित वन्य जीवों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह के खिलाफ रविवार तड़के बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ की टीम ने जनपद सीतापुर के खैराबाद टोल प्लाजा के पास से एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से दुर्लभ और प्रतिबंधित रोजरिंग्ड प्रजाति के 177 जिंदा तोते बरामद किए गए हैं। इन पक्षियों को क्रूरतापूर्वक पिंजड़ों और प्लास्टिक के थैलों में ठंसकर कार के जरिए तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था।
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान राजन (पुत्र रामचंद्र) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखीमपुर-खीरी जिले के थाना शारदानगर के अंतर्गत बेलपुरवा गांव का रहने वाला है। एसटीएफ ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (UP34 AW4041), दो बड़े पिंजड़े, एक प्लास्टिक का थैला और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
एसटीएफ उत्तर प्रदेश को पिछले काफी समय से वन्य जीवों की अवैध तस्करी करने वाले गिरोहों के सक्रिय होने की खुफिया इनपुट मिल रहे थे। इस पर संज्ञान लेते हुए एसटीएफ लखनऊ के अपर पुलिस अधीक्षक अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में टीमों को अलर्ट किया गया था।
इसी क्रम में उपनिरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी के नेतृत्व में गठित एसटीएफ टीम को रविवार तड़के एक पुख्ता सूचना मिली कि लखीमपुर की तरफ से एक स्विफ्ट डिजायर कार प्रतिबंधित तोतों की एक बड़ी खेप लेकर लखनऊ की ओर आ रही है। एसटीएफ ने बिना वक्त गंवाए इस खुफिया जानकारी को सीतापुर वन विभाग की टीम के साथ साझा किया और संयुक्त रूप से लखनऊ-सीतापुर हाईवे पर स्थित खैराबाद टोल प्लाजा पर घेराबंदी कर दी। सुबह करीब 4:30 बजे जैसे ही संदिग्ध कार वहां पहुंची, टीम ने उसे रोककर तलाशी ली और आरोपी को पक्षियों सहित दबोच लिया।
गिरफ्तार तस्कर राजन ने एसटीएफ की कड़ी पूछताछ में कबूल किया कि वह एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का हिस्सा है। वह और उसके साथी लखीमपुर खीरी के तराई वाले जंगलों से इन प्रतिबंधित ‘रोजरिंग्ड पैराकीट’ (तोतों) को जाल बिछाकर इकट्ठा करते हैं। इसके बाद इन पक्षियों को दिल्ली, बिहार, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों के बड़े तस्करों को डिमांड के आधार पर बेहद ऊंचे दामों पर बेच दिया जाता है। राजन ने स्वीकार किया कि वह इससे पहले भी कई बार प्रतिबंधित पक्षियों और वन्य जीवों की खेप दूसरे राज्यों में खपा चुका है।
इस बड़ी बरामदगी के बाद एसटीएफ की तहरीर पर गिरफ्तार अभियुक्त राजन के खिलाफ सीतापुर के खैराबाद थाने में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की गंभीर धाराओं में मामला पंजीकृत कराया गया है। आरोपी को जेल भेजने और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के लिए स्थानीय पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
Also Read: चौधरी चरण सिंह के रास्ते पर चलकर ही देश का विकास संभव है: उस्मान शाह

