Jaunpur News: सड़े हुए अंडों की आड़ में हो रही थी शराब की तस्करी, UP STF ने 2 तस्कर किए गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज यूनिट ने शनिवार सुबह जौनपुर के सिकरारा इलाके में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। एसटीएफ ने एक डीसीएम ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसे हरियाणा और चंडीगढ़ से लाकर बिहार और झारखंड के बाजारों में खपाने की तैयारी थी।

अंडों की बदबू से बचने की कोशिश

गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि पकड़े जाने के डर से उन्होंने ट्रक में शराब की पेटियों के ऊपर सड़े हुए अंडे और खाली ट्रे की मोटी परत बिछा दी थी। उनका मानना था कि अंडों की सड़न और बदबू के कारण पुलिस ट्रक की सघन तलाशी नहीं लेगी। हालांकि, सटीक मुखबिरी के आधार पर एसटीएफ ने आयुष्मान आरोग्य उपकेंद्र के पास ट्रक को रोक लिया और जब तलाशी ली गई, तो नीचे से शराब का जखीरा बरामद हुआ।

सड़े हुए अंडों की आड़ में हो रही थी शराब की तस्करी, UP STF ने 2 तस्कर किए गिरफ्तार

गिरफ्तार तस्कर का नाम पंकज पाल (निवासी मुरादाबाद) और प्रिंस श्रीवास्तव (निवासी वाराणसी) बताया जा रहा है। इसके अलावा ट्रक से विभिन्न ब्रांडों की कुल 435 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 55 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल आइसर डीसीएम और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

हरियाणा से जुड़ा है गिरोह का नेटवर्क

पूछताछ में यह बात सामने आई कि इस गिरोह के मास्टरमाइंड हरियाणा के कुरुक्षेत्र का प्रवीन कुमार और चंडीगढ़ का राजेंद्र सिंह हैं। ये लोग सोशल मीडिया के जरिए स्थानीय तस्करों से संपर्क करते थे और आखिरी समय पर लोकेशन बताते थे कि माल कहां पहुंचाना है। इस अवैध धंधे का मुख्य लक्ष्य बिहार और झारखंड जैसे राज्य थे, जहां शराबबंदी या ऊंचे दामों के कारण तस्करी का माल महंगे रेट पर बिकता है।

एसटीएफ ने दोनों अभियुक्तों को जौनपुर के सिकरारा थाने में दाखिल कर दिया है। इनके खिलाफ बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अब स्थानीय पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

Also Read: अमेठी: मुसाफिरखाना तहसील के गेट पर वकीलों का डेरा, SDM को हटाने की मांग पर अड़े अधिवक्ता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.