वाराणसी: 334 तोतों के साथ पश्चिम बंगाल का तस्कर गिरफ्तार, ऊंचे दामों पर बेचने की थी तैयारी
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एसटीएफ को वन्यजीवों की तस्करी रोकने की दिशा में एक बड़ी कामयाबी मिली है। मंगलवार शाम वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-5 से एसटीएफ ने मो. जाहिद नाम के एक शातिर तस्कर को दबोचा। जाहिद के पास से 334 प्रतिबंधित तोते बरामद हुए हैं, जिन्हें वह प्लास्टिक के बोरों में भरकर क्रूरतापूर्वक पश्चिम बंगाल ले जा रहा था।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
एसटीएफ की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि संरक्षित पक्षियों की एक बड़ी खेप बंगाल भेजी जाने वाली है। इस सूचना पर एसटीएफ के निरीक्षक प्रमोद कुमार वर्मा और उनकी टीम ने वन विभाग, जीआरपी और आरपीएफ के साथ मिलकर संयुक्त छापेमारी की। अमृतसर-हावड़ा मेल के आरएमएस (RMS) कोच में चढ़ने की फिराक में खड़े जाहिद को मौके पर ही धर दबोचा गया।
कौड़ियों के भाव खरीदकर हजारों में मुनाफा
पकड़े गए अभियुक्त जाहिद ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह फतेहपुर के ‘करन’ और प्रतापगढ़ के कुछ लोगों से ये तोते खरीदता है। यूपी में उसे एक तोता मात्र 150 से 200 रुपये में मिल जाता है। पश्चिम बंगाल के बर्धमान ले जाकर वह इन्हीं तोतों को 1500 से 2000 रुपये प्रति तोता के हिसाब से बेचता है। बरामद तोतों में प्रतिबंधित ‘रोज रिंग पैरेट’ (ROSE RING PARROT) और ‘अलेक्जेंड्राइन पैराकीट’ (ALEXANDRINE PARAKEET) शामिल हैं। जिसमें 334 तोते, 7 प्लास्टिक बैग और 3,700 रुपये नकद शामिल है।
वन विभाग की वाराणसी रेंज ने आरोपी के खिलाफ केस संख्या 75/2025-26 दर्ज कर लिया है और अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। इन बेजुबान पक्षियों को आजाद कराने और उन्हें सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
Also Read: लखनऊ: सरसों के खेत में मिला मानव कंकाल, 20 दिन से लापता महिला के परिजनों ने ऐसे की पहचान

