Lucknow News: यूपी एसटीएफ ने प्रयागराज के बहुचर्चित हत्याकांड के दो इनामी अपराधियों को किया गिरफ्तार
Lucknow News: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बुधवार को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों एक हत्या के मामले में आरोपी हैं और उन पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम इरफान अहमद और मोहम्मद हुसैन हैं। दोनों मूल रूप से प्रयागराज के मरियाडीह इलाके के रहने वाले हैं। एसटीएफ की टीम ने इन्हें चित्रकूट जिले के मनिकपुर रेलवे स्टेशन के सामने से पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 21 अक्टूबर, 2025 को प्रयागराज के मुंडेरा चौकी स्थित एक पेट्रोल पंप पर उन्होंने रवींद्र कुमार नामक व्यक्ति की ईंट-पत्थर से पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। इस हत्या के पीछे पहले से चले आ रहे विवाद को जिम्मेदार बताया जा रहा है। इस हत्या के बाद मृतक के भाई नरेंद्र कुमार ने धूमनगंज पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
एसटीएफ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ये दोनों आरोपी चित्रकूट इलाके में छिपे हुए हैं। इस सूचना के आधार पर एसपी दिनेश कुमार सिंह की अगुआई में एक टीम ने तुरंत कार्रवाई की। टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को धर दबोचा। अब दोनों आरोपियों को संबंधित थाने की पुलिस को सौंप दिया गया है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

