UP STF के हत्थे चढ़ा 50 हजार का इनामी विपिन, 13 साल से चल रहा था फरार
Hardoi News: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने मंगलवार दोपहर हरदोई के शाहाबाद इलाके से शातिर अपराधी विपिन कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। विपिन साल 2013 में हुई एक हत्या के मामले में वांछित था और तब से अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग राज्यों में फरारी काट रहा था।
एसटीएफ लखनऊ की टीम को सूचना मिली थी कि शाहाबाद के खेड़ा अजमत खाँ का रहने वाला विपिन, जिस पर 50 हजार का इनाम घोषित है, अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से मिलने हरदोई आने वाला है। इस सूचना पर इंस्पेक्टर शैलेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने ऑझी रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी की और दोपहर करीब 1:50 बजे उसे दबोच लिया। पूछताछ के दौरान विपिन ने अपने अपराधों की जो कहानी सुनाई, वह दहला देने वाली है। उसने बताया कि उसके परिवार का गांव के ही मुन्ना सिंह से पुराना विवाद था।
पहली हत्या (2008): विपिन और उसके भाइयों ने मुन्ना सिंह की हत्या कर दी थी। इस मामले में उसे सजा भी हुई थी, लेकिन हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद वह बाहर आ गया था।
दूसरी हत्या (2013): जेल से बाहर आने के बाद रंजिश कम नहीं हुई। साल 2013 में विपिन और उसके साथियों ने मुन्ना सिंह के भाई गुड्डू सिंह की भी हत्या कर दी। इस वारदात के बाद से ही वह फरार हो गया और पुलिस की पकड़ से बाहर था।
पुलिस से बचने के लिए विपिन ने किसी एक जगह ठिकाना नहीं बनाया। वह पिछले 13 वर्षों से देश के विभिन्न प्रांतों में अपनी पहचान बदलकर छिपकर रह रहा था। वह इतना सतर्क था कि पुलिस को उसकी भनक तक नहीं लगने देता था, लेकिन इस बार अपने अपनों से मिलने की चाहत उसे सलाखों के पीछे ले गई।
अपराधिक इतिहास
विपिन कुमार सिंह के नाम पर हत्या और गैंगस्टर एक्ट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
साल 2008: हत्या और हत्या के प्रयास का मामला (शाहाबाद थाना)।
साल 2009: गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई।
साल 2013: गुड्डू सिंह की हत्या (धारा 302/504)।
साल 2015: कोर्ट में पेश न होने पर धारा 174ए के तहत मुकदमा।
Also Read: हिंसा और डर का दौर अब होगा खत्म, मुख्य चुनाव आयुक्त ने बंगाल के मतदाताओं को दिया बड़ा भरोसा

