यूपी STF ने पकड़ा बड़ा ड्रग रैकेट, ओडिशा से लाई गई 271 किलो गांजा जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
Lucknow News: यूपी एसटीएफ ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 271.4 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये है।
एसटीएफ को लंबे समय से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पड़ोसी राज्यों में सक्रिय एक गांजा तस्कर गिरोह की जानकारी मिल रही थी। इस सूचना पर एसटीएफ की मेरठ यूनिट ने जांच शुरू की।
मंगलवार को एसटीएफ को मुखबिर से खबर मिली कि ओडिशा से एक आयशर कैंटर गाड़ी में गांजे की बड़ी खेप बरेली और एनसीआर क्षेत्र में सप्लाई होने वाली है। मुखबिर की सूचना पर टीम ने शाहजहांपुर के तिलहर थाना क्षेत्र में सरयू पुलिया ओवरब्रिज के पास घेराबंदी की।
कुछ ही देर बाद जब वह आयशर कैंटर वहां पहुंचा, तो एसटीएफ ने उसे रोककर तलाशी ली। गाड़ी में छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से आरोपी सुभाष सिंह को गिरफ्तार कर लिया, जो हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा का रहने वाला है।
पूछताछ में सुभाष सिंह ने बताया कि वह काफी समय से ओडिशा से गांजा तस्करी कर रहा है। वह ओडिशा से गांजा 1,500 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से खरीदता था और बरेली व आसपास के जिलों में 3,500 से 4,000 रुपये प्रति किलोग्राम में बेच देता था। उसने बताया कि यह खेप वह ओडिशा से एक राहुल नामक व्यक्ति से लेकर आया था और बरेली में किसी को देनी थी।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना तिलहर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसटीएफ की इस कार्रवाई से ड्रग्स तस्करों के नेटवर्क पर एक बड़ी चोट पड़ी है।
Also Read: उत्तरकाशी-चमोली की तबाही का PM मोदी खुद लेंगे जायज़ा, अधिकारियों संग करेंगे समीक्षा बैठक

