UP STF को मिली बड़ी सफलता, 50 हजार का इनामी ठग मनोज भारती गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। पीलीभीत जिले के अमरिया थाना क्षेत्र से जुड़े ₹50,000 के इनामी और कई गंभीर मुकदमों में वांछित आरोपी मनोज कुमार भारती को नई दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरफ्तारी की जगह और समय
मनोज को राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर ईस्ट इलाके में त्वमेव होटल से 20 जुलाई को करीब दोपहर 2:35 बजे गिरफ्तार किया गया।
कैसे हुआ खुलासा?
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि पीलीभीत में ठगी के कई मामलों में वांछित एक बड़ा आरोपी दिल्ली में छिपा हुआ है।
अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ बरेली श्री अब्दुल कादिर की निगरानी में गठित टीम — जिसमें उपनिरीक्षक धूम सिंह और उनकी टीम शामिल थी — ने सटीक सूचना के आधार पर ऑपरेशन को अंजाम दिया।
मनोज की ठगी का तरीका
पूछताछ में मनोज ने कबूल किया कि वह साल 2023 में सिटी सेंटर होटल, सितारगंज (उत्तराखंड) में काम करता था। यहीं उसकी मुलाकात ‘फ्लाई हाई’ कम्पनी के मालिक कुदरतउल्ला से हुई, जो लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करता था।
बाद में उसने ‘वनवर्ड ओवरसीज’ नाम से पीलीभीत में एक दफ्तर खोला और मो. सैय्यद अली (पंजाब निवासी) के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज बनाकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी की।
ठगी के बाद दोनों ने दफ्तर बंद कर दिया और नंबर स्विच ऑफ कर फरार हो गए। मनोज दिल्ली में ‘मुकेश’ नाम से एक होटल में नौकरी कर रहा था।
दर्ज मुकदमे और आपराधिक इतिहास
मनोज के खिलाफ कुल 5 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गंभीर धाराएं शामिल हैं
-थाना अमरिया, पीलीभीत – धारा 406, 420, 467, 468, 471, 506 भादवि (मुकदमा संख्या 187/2024)
-थाना घुंघचाई, पीलीभीत – धारा 420, 467, 468, 471 भादवि (मुकदमा संख्या 40/2025)
-थाना अमरिया – धारा 406, 420, 506 (मुकदमा संख्या 52/2025)
-थाना माधौटाण्डा – बीएनएस की धारा 316(2), 318(4), 336(3), 338, 340(2), 351(2), 352 (मुकदमा संख्या 84/2025)
-थाना अमरिया में धारा 209 बीएनएस (मुकदमा संख्या 125/2025)
आगे की कार्रवाई
मनोज को पीलीभीत लाया गया है, जहां उसके खिलाफ थाना अमरिया में विधिक कार्यवाही की जा रही है।
एक लंबे समय से फरार और फर्जीवाड़े के मामलों में सक्रिय मनोज भारती की गिरफ्तारी एसटीएफ की एक अहम सफलता मानी जा रही है। इससे विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले गैंग पर बड़ी चोट मानी जा रही है।
Also Read: UP Crime News: चंदौली में STF का एक्शन, 50 हजार का इनामी गैंगस्टर तौहीद गिरफ्तार

