UP STF के हत्थे चढ़ा 50 हजार का इनामी गौतस्कर, काफी समय से फरार चल रहा था धीरेंद्र गुप्ता

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की प्रयागराज यूनिट ने बुधवार को एक महत्वपूर्ण ऑपरेशन में वांछित अपराधी धीरेंद्र कुमार गुप्ता को दबोच लिया। धीरेंद्र पर चंदौली पुलिस ने 50,000 रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। वह गोबध और पशु क्रूरता जैसे गंभीर मामलों में वांछित था।

कहां से हुई गिरफ्तारी?

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि लंबे समय से फरार चल रहा धीरेंद्र गुप्ता प्रयागराज के थरवई इलाके में मौजूद है। खबर मिलते ही एसटीएफ के उपनिरीक्षक गुलजार सिंह और उनकी टीम ने घेराबंदी की। दोपहर करीब 2:10 बजे झुंसी-हेतापट्टी मार्ग पर एक पान भंडार के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

क्या था पूरा मामला?

पूछताछ के दौरान धीरेंद्र ने बताया कि वह एक ट्रक (UP-83 CT 6097) का मालिक है। 4 अप्रैल 2025 को उसके वाहन में गोवंशीय पशुओं को क्रूरतापूर्वक लादकर बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। चंदौली की सैयदराजा पुलिस ने एनएच-2 हाईवे पर इस ट्रक को पकड़ लिया था।

इस मामले में जब मुख्य तस्करों से पूछताछ हुई, तो धीरेंद्र कुमार गुप्ता का नाम सामने आया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह तब से ही ठिकाने बदल-बदल कर छिप रहा था।

आगे की कार्रवाई

धीरेंद्र के खिलाफ चंदौली के सैयदराजा थाने में गोबध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज था। एसटीएफ ने गिरफ्तारी के बाद उसे स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया है। अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि इस तस्करी रैकेट से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।

Also Read: बैंक मित्र से 90 हजार की ‘लूट’ या आपसी रंजिश की कहानी? अमेठी पुलिस ने घटना को बताया संदिग्ध

Get real time updates directly on you device, subscribe now.