Agra News: यूपी एसटीएफ के हत्थे लगा हरियाणा का कुख्यात सांसी गैंग का शातिर बदमाश

Agra News: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने अंतराज्यीय स्तर पर वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर अपराधियों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में एसटीएफ की फील्ड इकाई आगरा ने हरियाणा के बेहद बदनाम सांसी गैंग के एक सक्रिय और मोस्ट वांटेड सदस्य सुरेंद्र को गिरफ्तार करने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। आरोपी के खिलाफ कानपुर नगर के कोतवाली सदर थाने में धोखाधड़ी और जालसाजी का गंभीर मामला दर्ज था, जिसमें वह लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था।

सीओडी ग्राउंड के पास से दबोचा गया इनामी बदमाश

यह ऑपरेशन एसटीएफ फील्ड इकाई आगरा के अपर पुलिस अधीक्षक राकेश के कुशल पर्यवेक्षण में अंजाम दिया गया। गुरुवार दोपहर (21 मई 2026) को उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसटीएफ की टीम आगरा के सदर थाना क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि कानपुर पुलिस का वांछित और इनामी अपराधी सुरेंद्र पुत्र निहाल सिंह, सदर थाना क्षेत्र के सीओडी (COD) ग्राउंड के पास मौजूद है और शहर से बाहर भागने की फिराक में है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसटीएफ टीम ने बिना वक्त गंवाए मुखबिर के बताए स्थान पर घेराबंदी की और दोपहर करीब 1:40 बजे मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।

फर्जी दस्तावेज लगाकर कोर्ट को दिया था धोखा

एसटीएफ की पूछताछ में हरियाणा के जींद जिले (असरफगढ़) के रहने वाले सुरेंद्र ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह हरियाणा के सक्रिय ‘सांसी गैंग’ का सदस्य है। यह गिरोह उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और अन्य राज्यों में चलने वाली ट्रेनों में यात्रियों को अपना निशाना बनाता था। गैंग के सदस्य मौका पाकर यात्रियों के कीमती सामान और बैग उड़ा ले जाते थे।

सुरेंद्र के मुताबिक, लगातार चोरियों और लूटपाट के बाद कानपुर जीआरपी ने उसके और उसके गैंग के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज कर गैंगस्टर एक्ट लगा दिया था। जब उसे कोर्ट से नियमित जमानत नहीं मिली, तो उसने कानूनी प्रक्रिया में धांधली करते हुए फर्जी कागजात और फर्जी जमानतदार तैयार कर कोर्ट को धोखा दिया और अंतरिम जमानत पर बाहर आ गया। इसके बाद वह कभी भी अदालती तारीखों पर पेश नहीं हुआ और फरार हो गया। इस जालसाजी के पकड़े जाने पर कानपुर नगर की कोतवाली में उसके खिलाफ जालसाजी का एक और नया मुकदमा (मु0अ0सं0 316/2020) दर्ज किया गया था।

पकड़े गए शातिर अपराधी सुरेंद्र के खिलाफ उत्तर प्रदेश में आपराधिक मामलों की लंबी लिस्ट है। वह मुख्य रूप से रेलवे और कोर्ट से धोखाधड़ी के मामलों में शामिल रहा है। गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ ने आरोपी सुरेंद्र को आगरा के कोतवाली सदर थाने में दाखिल करा दिया है, जहां से स्थानीय पुलिस उसके खिलाफ आगे की कानूनी और वैधानिक कार्रवाई पूरी कर रही है।

Also Read: हाईकोर्ट ने लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल के वित्तीय और प्रशासनिक अधिकारों पर रोक लगाने के दिए आदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.