UP STF ने आगरा से 4 करोड़ रुपये की चरस के साथ अंतर्राष्ट्रीय तस्कर को दबोचा

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को अवैध मादक पदार्थ (चरस) की तस्करी करने वाले एक अंतर्राष्ट्रीय गिरोह के सक्रिय तस्कर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है। STF ने 30 सितंबर 2025 को आगरा से 7.970 किलोग्राम अवैध चरस के साथ नेपाल के एक नागरिक को गिरफ्तार किया है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 4 करोड़ रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार तस्कर और बरामदगी का विवरण

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रोशन शाह (उम्र करीब 38 वर्ष) के रूप में हुई है, जो नेपाल राष्ट्र का नागरिक है।

कैसे हुई गिरफ्तारी?

STF उत्तर प्रदेश को लगातार नेपाल के रास्ते बिहार होते हुए उत्तर प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अंतर्राष्ट्रीय गिरोहों के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी। इसी क्रम में, STF फील्ड इकाई, आगरा को 30 सितंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति आगरा किला गेट के पास चरस की सप्लाई देने आने वाला है।

इस सूचना पर निरीक्षक यतीन्द्र शर्मा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने मुखबिर के बताए स्थान (आगरा किला गेट के सामने) पर पहुँचकर काले रंग का बैग लिए संदिग्ध व्यक्ति को घेरकर पकड़ लिया। एसीपी सदर कमिश्नरेट आगरा, हेमन्त कुमार की मौजूदगी में तलाशी लिए जाने पर यह बड़ी बरामदगी हुई।

पैसों के लालच में कर रहा था तस्करी

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त रोशन शाह ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से अवैध चरस की तस्करी का काम कर रहा है। उसने बताया कि वह नेपाल में विनय नाम के एक व्यक्ति से मिला, जिसने उसे प्रति चक्कर 5 हजार रुपये देने का लालच दिया।

रोशन शाह ने बताया कि विनय उसे चरस का पार्सल रक्सौल बिहार (नेपाल बॉर्डर) पर नहर के पास देता था। वह इस पार्सल को बस या ट्रेन के माध्यम से आगरा में ‘कुश’ नाम के व्यक्ति को पहुंचाता था। पैसे की लालच में वह यह अवैध कार्य कर रहा था। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ थाना रकाबगंज, कमिश्नरेट आगरा में मुकदमा संख्या 163/2025 के तहत NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। स्थानीय पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Also Read: रायबरेली के स्कूल में 12वीं के छात्र को बंद कमरे में बेरहमी से पीटा, प्रबंधक समेत तीन शिक्षकों पर केस दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.