UP STF: अवैध ‘दूतावास’ चलाने वाला गिरफ्तार, फर्जी एम्बेसडर बनकर चला रहा था हवाला रैकेट
Sandesh Wahak Digital Desk: नोएडा एसटीएफ ने गाजियाबाद में एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए 22 जुलाई 2025 को एक फर्जी दूतावास का पर्दाफाश किया है। एसटीएफ की टीम ने कविनगर निवासी हर्ष वर्धन जैन को गिरफ्तार किया है, जो खुद को विदेशी देशों का राजनयिक बताकर धोखाधड़ी और हवाला जैसे गंभीर अपराधों में शामिल था।

किराए के मकान में चला रहा था ‘दूतावास’
पुलिस के मुताबिक, हर्षवर्धन जैन पुत्र जे.डी. जैन, केबी-45 कविनगर गाजियाबाद का निवासी है। उसने केबी-35 कविनगर में एक किराए के मकान को कथित तौर पर वेस्ट आर्कटिक नामक देश का दूतावास घोषित कर रखा था। वह खुद को West Arctica, Saborga, Poulvia, Lodonia जैसे अज्ञात और तथाकथित माइक्रोनेशन देशों का एम्बेसडर या कॉन्सुल बताता था।

फोटोशॉप से बनाई फर्जी पहचान
आरोपी लोगों को भ्रमित करने के लिए प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ फर्जी फोटो (मॉर्फिंग के जरिए बनाई गई तस्वीरें) का इस्तेमाल करता था। इसके साथ ही डिप्लोमैटिक नंबर प्लेट लगी गाड़ियों में घूमकर खुद को वीआईपी दर्शाता था।
अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और हवाला कारोबार
जांच में यह भी सामने आया है कि हर्षवर्धन पहले कुख्यात तांत्रिक चंद्रास्वामी और अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्कर अदनान खगोशी के संपर्क में रह चुका है। इतना ही नहीं, वर्ष 2011 में उस पर अवैध सैटेलाइट फोन रखने का मुकदमा भी कविनगर थाने में दर्ज हो चुका है।
एसटीएफ को बड़ी बरामदगी
- डिप्लोमैटिक नंबर प्लेट लगी 4 लग्जरी गाड़ियां
- 12 फर्जी डिप्लोमैटिक पासपोर्ट (माइक्रोनेशन देशों के)
- विदेश मंत्रालय की मोहर लगे कूट रचित दस्तावेज
- 2 फर्जी पैन कार्ड
- विभिन्न देशों और कंपनियों की 34 सील/मोहरें
- 2 फर्जी प्रेस कार्ड
- 44.7 लाख रुपये नकद
- कई देशों की विदेशी मुद्रा
- 18 अलग-अलग डिप्लोमैटिक नंबर प्लेट
- कई कंपनियों से संबंधित दस्तावेज
अब आगे की कार्रवाई
इस मामले में कविनगर थाना गाजियाबाद में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसटीएफ आरोपी से पूछताछ कर रही है और हवाला रैकेट समेत उसके अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, यह मामला देश की सुरक्षा से भी जुड़ा हो सकता है, इसलिए केंद्रीय एजेंसियों को भी अलर्ट किया गया है।
Also Read: UP News: संपत्तियां खरीद कर नए ट्रेंड से कमाई को सफेद बना रहे आईएएस अफसर

