UP STF की बड़ी कार्रवाई: 60 लाख का गांजा बरामद, ओडिशा से यूपी तक फैला तस्करी नेटवर्क ध्वस्त

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ की मेरठ फील्ड इकाई ने हापुड़ पुलिस के साथ मिलकर एक अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 2 क्विंटल 24 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ₹60 लाख आंकी गई है।

गिरफ्तारी और बरामदगी का विवरण

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की एक बड़ी खेप हापुड़ के रास्ते मेरठ भेजी जा रही है। इस पर कार्रवाई करते हुए हापुड़-किठौर रोड पर घेराबंदी की गई और दो लग्जरी गाड़ियों को रोका गया।

गिरफ्तार अभियुक्त

अनुज (मेरठ) – गंगानगर में ओयो होटल चलाता है।

अमजद (मेरठ) – ई-रिक्शा और बैटरी की एजेंसी चलाता है।

राहुल कुमार (मेरठ) – पेशे से किसान है।

खुशनूद खान (शामली) – ट्रक ड्राइवर है और पुराना अपराधी है।

बरामद माल: 2 क्विंटल 24 किलो अवैध गांजा।

निशान किक्स (UP 15 CW 7860) और स्कार्पियो-एन (DL 12 CY 1364)।

4 मोबाइल फोन।

पूछताछ में सनसनीखेज खुलासे: ‘प्रधान’ है मास्टरमाइंड

पूछताछ में पता चला कि इस पूरे तस्करी नेटवर्क का असली सूत्रधार मुजफ्फरनगर के थाना खतौली स्थित ग्राम खोखनी का ग्राम प्रधान फरमान है। फरमान प्रधान ने पहले शाहआलम नामक व्यक्ति को गांजा खरीदने ओडिशा भेजा था। इसके बाद इन चारों अभियुक्तों को माल लाने के लिए भेजा गया। तस्करों ने ओडिशा के ‘विश्वजीत’ से यह गांजा ₹4,000 प्रति किलो में खरीदा था। फरमान प्रधान इसे यूपी के विभिन्न जनपदों में ₹8,000 से ₹10,000 प्रति किलो के भाव पर बेचता था। गिरफ्तार आरोपी अमजद, राहुल और अनुज अधिक पैसा कमाने के लालच में इस धंधे से जुड़े थे, जबकि खुशनूद खान पहले से ही तस्करी और गैंगस्टर एक्ट के मामलों में संलिप्त रहा है।

कानूनी कार्यवाही

एसटीएफ ने आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना हापुड़ देहात में NDPS एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा (मु.अ.सं. 442/2025) दर्ज कराया है। अब स्थानीय पुलिस और एसटीएफ की टीमें मास्टरमाइंड ‘फरमान प्रधान’ और शाहआलम की तलाश में जुटी हैं।

Also Read: अपने आवास पर ब्राह्मण विधायकों की बैठक कराने वाले विधायक PN पाठक ने दिया प्रदेश अध्यक्ष को जवाब

Get real time updates directly on you device, subscribe now.